चक्काजाम ने किया यात्रियों को हलकान

जागरण संवाददाता, आगरा: श्रम विरोधी नीतियों को लेकर बुधवार को भारत बंद में यूपी रोडवेज के कर्मचारियों

By Edited By: Publish:Thu, 03 Sep 2015 01:09 AM (IST) Updated:Thu, 03 Sep 2015 01:09 AM (IST)
चक्काजाम ने किया यात्रियों को हलकान

जागरण संवाददाता, आगरा: श्रम विरोधी नीतियों को लेकर बुधवार को भारत बंद में यूपी रोडवेज के कर्मचारियों के चक्का जाम ने यात्रियों को परेशान कर दिया। हालांकि हड़ताल में रोडवेज का एक गुट शामिल न होने से बीच-बीच में बसें आती रहीं।

मंगलवार रात 12 बजे से यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने बसों का चक्का जाम कर दिया था। ईदगाह, ताज, फोर्ट और फाउंड्रीनगर डिपो के चालकों ने बुधवार सुबह वर्कशॉप से बसें नहीं निकाली। बस स्टैंड में यात्रियों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा भगवान टॉकीज, वाटर व‌र्क्स रामबाग, एक्सप्रेस-वे पर इंतजार करते रहे। जब बसें नहीं आईं तो यात्रियों ने दूसरे साधन तलाशे।

वर्कशॉप पर दिया धरना

सुबह से ही यूनियन के पदाधिकारी बस अड्डों पर सक्रिय रहे। जो चालक ड्यूटी पर आए भी उनमें से ज्यादातर ने विरोध के चलते बस नहीं निकाली। हड़ताल में शामिल कर्मचारी ईदगाह वर्कशॉप में धरने पर बैठ गए। यूनियन के शाखा अध्यक्ष देशराज ने कहा कि सरकार नए-नए कानून बनाकर कर्मचारियो का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने हड़ताल में 75 फीसद कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया।

यूपी रोडवेज की बसों में हुई तोड़फोड़

एक गुट के हड़ताल में शामिल न होने पर रोडवेज के अधिकारियों ने सुबह बसों का संचालन शुरू कर दिया। यूपी की सीमा से बाहर निकलते राजस्थान और हरियाणा में चालकों को विरोध का सामना करना पड़ा। वल्लभ गढ़ और जयपुर में आगरा फोर्ट और ईदगाह डिपो की बसों पर हड़ताली कर्मचारियों द्वारा पथराव भी किया गया। इसके अलावा सभी बसों को रास्ते से ही लौटा दिया गया।

इन रूटों पर सबसे ज्यादा हुई दिक्कत

हरियाणा और राजस्थान परिवहन के पूरी तरह से हड़ताल में शामिल होने पर यात्रियों को जयपुर, धौलपुर, भरतपुर और दिल्ली रूट पर परेशानी का सामना करना पड़ा। बसें न मिलने पर यात्रियों को ट्रेन से यात्रा करनी पड़ी।

परिषद के कर्मचारियों ने किया काम

हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भागीदारी नहीं की थी। ऐसे में परिषद में शामिल कर्मचारी ड्यूटी पर आए। रोडवेज के अधिकारियों ने इन कर्मचारियों की मदद से बसों का संचालन कराया। हालांकि ज्यादातर बसें छोटे रूट पर ही चलीं। थोड़ी-थोड़ी देर बाद बसों को निकाला जाता रहा। रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया। इस पर ईदगाह डिपो पर कर्मचारियों में झड़प भी हुई।

------

हड़ताल से प्रभावित हुआ 50 करोड़ का कारोबार- फोटो

जागरण संवाददाता, आगरा: श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ बुधवार को श्रमिक संगठनों ने हुंकार भरी। इस एक दिवसीय हड़ताल के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत बैंकों में कामकाज ठप होने के चलते हुई। लगभग 50 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ। नीतियों के खिलाफ देश में 10 करोड़ से ज्यादा श्रमिक हड़ताल पर थे। 10 ट्रेड यूनियन का समर्थन था। बैंक, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), डाक, आयकर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) आदि विभागों के कर्मचारी व अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इनमें सबसे ज्यादा बैंकिंग सेवा प्रभावित रही। कई शाखाएं बंद रही। कुछ खुली, लेकिन कार्य नहीं हुआ। कई संगठनों ने पहले ही हाथ पीछे खींच लिया था। बीएसएनएल में मिला-जुला असर रहा। सेवा प्रभावित नहीं हुई।

डाक कार्यालयों में हुआ प्रदर्शन

प्रतापपुरा व आगरा फोर्ट स्थित हेड ऑफिस में काम बाधित रहा। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में पोस्टल यूनियन ग्रुप सी के रीजनल सेक्रेटरी वीके दीक्षित, नरेंद्र पाल सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार शर्मा, रामदेव शर्मा, राजवीर यादव, सुरेश शर्मा आदि शामिल रहे।

संजय प्लेस में जुटे बैंककर्मी

यूपी बैंक एम्प्लाइज यूनियन की आगरा इकाई द्वारा संजय प्लेस स्थित स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद पर सैंकड़ों की संख्या में बैंककर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। एआइबीईए केउपाध्यक्ष एमएम राय, यूपीबीईयू के अध्यक्ष अशोक सारस्वत, संयुक्त मंत्री प्रेमचंद, संगठन मंत्री शैलेंद्र झा, आरएन शर्मा, डॉ. गुरुदेव सिंह आदि ने मांगों के बारे में बताया।

बीमा कर्मियों ने लगाए नारे

ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर संजय प्लेस स्थित मंडल कार्यालय पर बीमा कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में महासचिव संजय दीक्षित, अजय अंतानी, अश्वनी तोमर, राजीव अग्रवाल आदि शामिल रहे।

आयकर में नहीं हुआ कोई कार्य

आयकर कर्मचारी महासंघ वर्ग ग व आयकर राजपत्रित अधिकारी महासंघ तथा आयकर कर्मचारी महासंघ वर्ग घ ने संजय प्लेस स्थित आयकर कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इसमें विभिन्न मांगे रखी गईं। प्रदर्शन करने वालों में महासंघ वर्ग ग के अध्यक्ष राकेश बाबू, रीजनल सचिव संतोष केसरी, सचिव डॉ. एसके अरेला, उपाध्यक्ष ब्रजेश गौतम, संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत शर्मा, बाला प्रसाद, दिलीप गुप्ता आदि शामिल रहे।

डिफेंस कॉॅर्डिनेशन कमेटी

डिफेंस कॉर्डिनेशन कमेटी द्वारा 509 आर्मी बेस वर्कशॉप पर असैनिक सुरक्षा कर्मचारियों की 20 सूत्री मांगों के समर्थन में सांकेतिक हड़ताल की गई। इसमें ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ.जितेंद्र स्वरूप शर्मा, राजेश शर्मा, विजय शर्मा, आशोक शर्मा, अजय अग्रवाल आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी