भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बलदौड़ा में बंद

खराब मौसम चारधाम यात्रा में बार-बार खलल डाल रहा है। जोशीमठ व गोविंदघाट के बीच बदरीनाथ हाईवे बलदौड़ा में दोपहर को भूस्खलन के कारण बंद हो गया, लेकिन यात्री टैक्सी वाहनों से यात्रा पर जा रहे हैं। मार्ग के शुक्रवार तक खुलने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को 160 यात्री बदरीनाथ पहुंचे तो 90 यात्री

By Edited By: Publish:Thu, 24 Jul 2014 10:48 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jul 2014 10:49 PM (IST)
भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बलदौड़ा में बंद

देहरादून, जागरण संवाददाता। खराब मौसम चारधाम यात्रा में बार-बार खलल डाल रहा है। जोशीमठ व गोविंदघाट के बीच बदरीनाथ हाईवे बलदौड़ा में दोपहर को भूस्खलन के कारण बंद हो गया, लेकिन यात्री टैक्सी वाहनों से यात्रा पर जा रहे हैं। मार्ग के शुक्रवार तक खुलने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को 160 यात्री बदरीनाथ पहुंचे तो 90 यात्री गोविंदघाट से हेमकुंड के लिए रवाना हुए। वहीं, भूस्खलन के कारण गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे सुबह करीब दो घंटे बंद रहने के बाद खोल दिए गए। गंगोत्री में 250 तो यमुनोत्री में 64 यात्री पहुंचे। छिटपुट बाधाओं के बीच बदरीनाथ, हेमकुंड, गंगोत्री व यमुनोत्री की यात्रा जारी रही, जबकि केदारनाथ यात्रा पहले ही 26 तक रोक दी गई है। कुमाऊं में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग नौवें दिन भी नहीं खुल पाया। उधर, मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

बृहस्पतिवार दोपहर जोशीमठ व गोविंदघाट के बीच बलदौड़ा में चट्टान टूटने से भारी मलबा सड़क पर आ गया। इससे बदरीनाथ मार्ग बंद हो गया। बीआरओ ने बदरीनाथ हाईवे से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ, केदारनाथ में बारिश का सिलसिला जारी है। गौरीकुंड हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रही। रुद्रप्रयाग जिले में 18 मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं। इससे 29 गांवों का सड़क मार्ग से संपर्क कटा हुआ है। दूसरी तरफ, उत्तरकाशी जनपद में अधिकांश हिस्सों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई। इससे गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन का सिलसिला जारी रहा। गंगोत्री हाईवे हेलगू, नेताला व लालढांग में करीब दो घंटे भूस्खलन से बंद रहा, जबकि यमुनोत्री हाईवे बाडिया, जंगलचट्टी व स्यानाचट्टी के समीप बंद रहा। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे तक दोनों हाईवे पर आवाजाही बहाल कर दी गई थी। इसके बाद पूरे दिन मौसम ठीक रहने से दोनों धामों में यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बड़े वाहनों की गंगोत्री की ओर आवाजाही अभी भी रोकी हुई है। जनपद के केलसू क्षेत्र के सात व मोरी प्रखंड के 12 गांव सड़क संपर्क से कटे हुए हैं। पिथौरागढ़ में कैलाश मानसरोवर मार्ग नवें दिन भी नहीं खुल पाया। पिथौरागढ़ में 21 संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से दर्जनों गांव मुख्यालय से कट गए हैं।

पढ़े: केदारनाथ यात्रा 26 तक स्थगित, बाकी यात्राएं जारी

खराब मौसम पर भारी पड़ रही आस्था

chat bot
आपका साथी