जहां सबसे अधिक मॉब लिंचिंग, गोतस्करी, वहां एक बार फिर गाय और धर्म बन रहा चुनावी मुद्दा

मॉब लिचिंग,लव जेहाद और गोतस्करी के चलते देश की सबसे हॉट मानी जाने वाली राजस्थान की रामगढ़ विधानसभा सीट पर सोमवार को मतदान होना है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Fri, 25 Jan 2019 03:47 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jan 2019 03:47 PM (IST)
जहां सबसे अधिक मॉब लिंचिंग, गोतस्करी, वहां एक बार फिर गाय और धर्म बन रहा चुनावी मुद्दा
जहां सबसे अधिक मॉब लिंचिंग, गोतस्करी, वहां एक बार फिर गाय और धर्म बन रहा चुनावी मुद्दा

रामगढ़ (अलवर), नरेन्द्र शर्मा । मॉब लिचिंग,लव जेहाद और गोतस्करी के चलते देश की सबसे हॉट मानी जाने वाली राजस्थान की रामगढ़ विधानसभा सीट पर सोमवार को मतदान होना है। रामगढ़ विधानसभा बीजेपी के लिए हिंदुत्व की प्रयोगशाला के तौर पर देखी जाती रही है।

यहां गाय और हिन्दू ध्रुवीकरण के मुद्दे पर तीन बार लगातार भाजपा ज्ञानदेव आहूजा चुनाव जीतते रहे है। इस बार बीजेपी ने उनका टिकट काटकर सुखवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इस इलाके में हिन्दुत्व के प्रतीक आहूजा का टिकट भले इस बार कट चुका है, लेकिन उनका सियासी साथ नए उम्मीदवार सुखवंत सिंह के लिए बहुत जरूरी है। कांग्रेस ने इस सीट पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान की पत्नी साफिया को टिकट दिया है । वहीं बसपा के टिकट पर दिग्गज नेता नटरवर सिंह के पुत्र जगत सिंह मैदान में है।

कांग्रेस के लिए इस सीट को जीतना इसलिए महत्वपूर्ण है,क्योंकि 200 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी के 99 विधायक है। राष्ट्रीय लोकदल के एक विधायक के सहयोग से कांग्रेस 100 के आंकड़े तक पहुंची। विधानसभा में भाजपा के 73 और शेष सीटों पर अन्य छोटे दलों एवं निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। बसपा प्रत्याशी की मौत के कारण चुनाव टाल दिया गया था। अब सोमवार को चुनाव होगा। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद हो रहा यह चुनाव अशोक गहलोत सरकार की अग्निपरीक्षा होगा। हरियाणा से सटे इस क्षेत्र में चुनाव मुद्दों के आधार पर नहीं होकर हिंदु,मुस्लिम,गाय और मॉब लिंचिंग के नाम पर लड़ा जा रहा है ।

एक दर्जन मंत्रियों ने संभाली कमान ,भाजपा हिंदुत्व के एजेंडे पर लड़ रही चुनाव

कांग्रेस ने यहां जातिगत समीकरणों को साधने के लिए एक दर्जन मंत्रियों सहित 30 नेताओं को कमान सौंपी है। उधर भाजपा इस चुनाव को हिंदुत्व के एजेंडे पर लड़ने का प्रयास कर रही है। संघ पृष्ठभूमि के नेताओं को यहां चुनाव अभियान के लिए लगाया गया है। विहिप कार्यकर्ताओं की भी मदद ली जा रही है।

देश में सबसे अधिक मॉब लिंचिंग और गोतस्करी की घटनाएं इसी क्षेत्र में

पिछले चार साल का सरकारी रिकॉर्ड देखा जाए तो देश में सबसे अधिक मॉब लिंचिंग और गोतस्करी की घटनाएं रामगढ़ क्षेत्र में ही हुई है। अलवर जिले में साल 2015 से लेकर इस साल 22 जनवरी तक 468 मामले गोतस्करी के दर्ज हुए और इनमें 755 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से रामगढ़ क्षेत्र में 110 मामले दर्ज हुए और 132 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस क्षेत्र में करीब ढ़ाई लाख मतदाता है। इनमें 50 हजार मुस्लिम है।कांग्रेस की उम्मीदवार साफिया खान है, इसी के चलते हिन्दू वोटों का ध्रुवीकरण बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण है।

रामगढ़ में न तो कोई डिग्री कॉलेज है और न ही कृषि उपज मंडी। सड़कें भी खस्ताहाल है, लेकिन गाय और हिन्दुत्व यहां के प्रमुख मुद्दे है। कुछ बड़ी गौशालाएं यहां कई स्थानों पर जरूर है, जहां गौरक्षक दलों की छुड़ाई गायें रखी जाती हैं। चार महीने पहले यहीं पर रकबर को गाय ले जाने के मामले में यहीं पीटा गया था। अब चुनाव में कोशिश यही है कि इन मुद्दों पर सियासी रोटियां सेंकी जाए।

chat bot
आपका साथी