Rajasthan: कांग्रेस अपने घर को नहीं संभाल सकी तो ये प्रदेश को क्या चला पाएंगे: सतीश पूनिया

Satish Poonia सतीश पूनिया ने कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अपने घर को नहीं संभाल सके तो प्रदेश को क्या चला पाएंगे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 08:16 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 08:16 PM (IST)
Rajasthan: कांग्रेस अपने घर को नहीं संभाल सकी तो ये प्रदेश को क्या चला पाएंगे: सतीश पूनिया
Rajasthan: कांग्रेस अपने घर को नहीं संभाल सकी तो ये प्रदेश को क्या चला पाएंगे: सतीश पूनिया

राज्य ब्यूरो, जयपुर। Satish Poonia:  राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनिया ने कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अपने घर को नहीं संभाल सके, तो प्रदेश को क्या चला पाएंगे। मुझे नहीं लगता कि वंशवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस सरकार प्रदेश में लंब समय तक चल पाएगी। प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत में पूनिया ने कहा कि 31 दिन तक कांग्रेस आलाकमान नींद में रहा और प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री गहलोत की हठधर्मिता व तानाशाही कार्यशैली के कारण परेशान रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को राजस्थान की जनता से कोई सरोकार नहीं है, इसलिए कांग्रेस और मुख्यमंत्री गहलोत प्रदेश की जनता के साथ टाइम पास-टाइम पास खेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उनकी सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो चुके हैं और किसान कर्ज माफी सहित किये गये तमाम वादों को अभी तक पूरा नहीं किया है, जिससे यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता के साथ छलावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार के कोरोना कुप्रबंधन से कोरोना के मामले तेजी से बढ़े रहे हैं, जो चिंताजनक है। बढ़ते अपराधों से प्रदेश अपराधियों की शरणस्थली बनता जा रहा है और जयपुर अपराध की राजधानी बनता जा रहा है।

पूनिया ने कहा कि कांग्रेस में वंशवाद व परिवारवाद की पुरानी परंपरा चली आ रही है। मुख्यमंत्री गहलोत अपने बेटे के राजनीतिक करियर को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। बेटे के लोकसभा चुनाव हारने के बाद आरसीए में करियर ढूंढ़ा। अभी भी मुख्यमंत्री बेटे को कांग्रेस में बड़ा पद दिलवाने को लेकर चिंतित रहते हैं। मुख्यमंत्री गहलोत की सरकार की भविष्य की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पूनियां ने कटाक्ष करते हुए कहा कि रो-रोकर, सो-सोकर चलने वाली यह सरकार राजस्थान की जनता को भ्रमित कर रही है, जिससे आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि पिछले 31 दिन से होटल के बाड़े में बंद सरकार, उनके मंत्री व विधायकों के विकास कार्यों का हिसाब मांगने के लिए प्रदेश की जनता उन्हें ढूंढ़ रही है।

chat bot
आपका साथी