Rajasthan Politics: गोविंद सिंह डोटासरा ने जन्मदिन पर किया शक्ति प्रदर्शन

Rajasthan राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व राज्य सरकार में शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी मंच पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 05:36 PM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 05:36 PM (IST)
Rajasthan Politics: गोविंद सिंह डोटासरा ने जन्मदिन पर किया शक्ति प्रदर्शन
राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान कांग्रेस के नेताओं में जन्मदिन पर समर्थकों की भीड़ जुटाकर सियासी ताकत दिखाने का चलन बढ़ता जा रहा है। पिछले दिनों पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिन पर बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी थी। वहीं, शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और राज्य सरकार में शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन्मदिन की बधाई देने के लिए पूरे प्रदेश से कांग्रेसी नेता भीड़ के साथ पहुंचे। डोटासरा समर्थक पिछले एक सप्ताह से जन्मदिन मनाने की तैयारी में जुटे थे। उनके विश्वस्त पदाधिकारी विधायकों और जिला कांग्रेस कमेटियों के नेताओं को फोन कर भीड़ लाने के लिए कह रहे थे। अग्रिम संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया था। अगले कुछ दिनों में होने वाली संगठनात्मक नियुक्तियों को देखते हुए विधायक और नेता भीड़ लेकर डोटासरा को बधाई देने के लिए पहुंचे।

दिग्विजय सिंह ने दी बधाई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी मंच पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। जन्मदिन के मौके पर भीड़ जुटाने के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। राज्य सत्ता और संगठन में फेरबदल में डोटासरा को एक पद से हटाए जाने की चर्चा है। ऐसे में उन्होंने भीड़ के माध्यम से कार्यकर्ताओं को खुद के साथ होने का दिखावा किया है। उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ साल पहले पायलट खेमे की बगावत के समय डोटासरा को अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले पायलट अध्यक्ष और सरकार में उप मुख्यमंत्री दोनों पदों पर कार्य कर रहे थे। कोरोना महामारी के कारण सीएम अशोक गहलोत दो साल से अपना जन्मदिन सार्वजनिक रूप से नहीं मना रहे हैं।

गौरतलब है कि गोविंद सिंह डोटासरा सीकर जिले के लक्षमणगढ़ से विधायक हैं। साल 1981 से डोटासरा कांग्रेस के लिए काम करते आए हैं। ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद उन्होंने ला की पढ़ाई भी की है। 2005 में डोटासरा ने पहली पार पंचायत का चुनाव लड़ा। वे प्रधान रहे और अब तीसरी बार विधायक हैं। गणेश घोघरा 35 साल की उम्र में पहली बार डूंगरपुर से विधायक चुने गए हैं। वे पेशे से किसान हैं। 20 साल की उम्र में छात्र राजनीति से कदम रखने वाले गणेश घोघरा ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। हालांकि इससे पहले वे यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे थे। इन्हें अशोक चांदना का करीबी माना जाता है।

chat bot
आपका साथी