जाखल नगर पालिक की प्रधान के ससुर का नहीं किया संस्कार

संवाद सूत्र जाखल (संगरूर) जाखल नगर पालिका की प्रधान सीमा गोयल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डाला गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Oct 2020 10:35 PM (IST) Updated:Sat, 17 Oct 2020 10:35 PM (IST)
जाखल नगर पालिक की प्रधान के ससुर का नहीं किया संस्कार
जाखल नगर पालिक की प्रधान के ससुर का नहीं किया संस्कार

संवाद सूत्र, जाखल (संगरूर) :

जाखल नगर पालिका की प्रधान सीमा गोयल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डालने के मामले पर बैठक से पहले उनके ससुर नोहर चंद गोयल के आत्महत्या करने के दूसरे दिन भी उनके शव का संस्कार नहीं किया गया। पोस्टमार्टम होने के बाद भी शनिवार शाम तक पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी न किए जाने के विरोध में परिजनों ने उनका संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने पुलिस व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक आरोपित पार्षदों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता, तब तक वह संस्कार नहीं करेंगे। बेशक परिवार ने शव को चंडीगढ़ रोड पर रखकर धरना लगाने का एलान किया, लेकिन शाम तक धरना नहीं लगाया।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को नगरपालिका कार्यलय में नगर पालिका चेयरमैन सीमा गोयल के ससुर नोहर चंद ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के जेब से सुसाइड नोट भी मिला। नोट में उन्होंने 10-12 पार्षदों के नाम लिखते हुए लिखा कि उनकी मौत की वजह यह लोग हैं। यह पार्षद लगातार उन्हें ब्लैकमेल करते आ रहे हैं। डेढ़ वर्ष पहले भी इन पार्षदों ने प्रधानी के लिए वोट डालने हेतु 1 करोड़ 60 लाख रुपये लिए थे और अब अविश्वास प्रस्ताव से ब्लैकमेल करके और पैसे मांग रहे हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट व परिजनों के बयानों के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला भी दर्ज किया है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

शनिवार को उनके निवास स्थान पर टोहाना के डीएसपी बीरम सिंह, जाखल नायब तहसीलदार रामचंद्र व जाखल थाना प्रभारी विक्रम जोसन ने मृतक के पारिवारिक सदस्यों व रिश्तेदारों से संस्कार करने का आग्रह किया, लेकिन वह गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि जाखल पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लेने के बाद अभी तक किसी भी आरोपी को काबू नही किया है। पुलिस बार-बार समय मांग रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपित गिरफ्तार न किए तो प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।

हरियाणा नगर पालिका एवं नगर परिषद एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रजनी विरमानी, संजय छपारय, उपाध्यक्ष एवं राकेश कुमार सचिव आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना में सरासर प्रशासनिक लापरवाही है। अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो एसोसिएशन प्रदेश स्तर पर संघर्ष करेगी। टोहाना डीएसपी बीरम सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी