नगर कौंसिल चुनाव: अकाली दल, भाजपा व कांग्रेस होगा तिकोना मुकाबला

नगर कौंसिल चुनाव करवाए जाने के राज्य सरकार के फैसले ने सर्दी में चुनावी गर्माहट भर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 05:01 AM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 05:01 AM (IST)
नगर कौंसिल चुनाव: अकाली दल, भाजपा व कांग्रेस होगा तिकोना मुकाबला
नगर कौंसिल चुनाव: अकाली दल, भाजपा व कांग्रेस होगा तिकोना मुकाबला

जागरण टीम, राजपुरा, समाना, नाभा, पातड़ां (पटियाला): 13 फरवरी 2021 से पहले नगर कौंसिल चुनाव करवाए जाने के राज्य सरकार के फैसले ने सर्दी में चुनावी गर्माहट भर दी है। चुनाव के एलान होने से जिला की राजपुरा, समाना, नाभा और पातड़ां के राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। जिला की इन चार नगर कौंसिलों में यह चुनाव होने हैं। वैसे तो नगर कौंसिल चुनाव में निचले स्तर तक पार्टी काडर सरगर्म होता है लेकिन इस बार शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन टूट चुका है और दोनों पार्टियों अपने स्तर पर चुनाव मैदान में उतरने का एलान कर चुकी है। इस बार के चुनाव में अकाली दल, भाजपा व कांग्रेस तिकोना मुकाबला होगा।

-------

राजपुरा में पिछली बार रहा गठबंधन का दबदबा

राजपुरा नगर कौंसिल के वार्डो की संख्यां 29 से बढ़ाकर 31 कर दी गई है। नगर कौंसिल की फिर से वार्डबंदी की गई है। 2015 में नगर कौंसिल के चुनाव नई वार्डबंदी के हिसाब से किए गए थे क्योंकि उस समय वार्डों की संख्या 25 से बढ़ाकर 29 की गई थी। पिछली बार नगर कौंसिल चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को 29 में से 20 वार्डों में जीत मिली थी। इनमें से भाजपा को 11 और अकाली दल को नौ वार्ड में जीत हासिल हुई थी। इसके साथ ही चार कांग्रेस और पांच वार्ड आजाद उम्मीदवारों के खाते में गए थे।

-------------

तीन हजार वोट बनवाए गए : कौंसिल प्रधान

प्रधान नरिदर शास्त्री का कहना है 31 वार्डों में करीब एक लाख 20 हजार की आबादी है। प्रत्येक वार्ड की करीब चार हजार आबादी में से करीब तीन हजार वोट प्रत्येक वार्ड के बनवाए गए हैं। अभी तक काफी लोगों की वोट नहीं बन पाई है। सभी वार्डों की वोटर संख्या करीब 90 हजार है। इसमें से 50 प्रतिशत के करीब महिला वोटर हैं।

--------

नाभा: 23 वार्डो से लड़ेंगे प्रत्याशी

नगर कौंसिल के चुनाव करवाने के एलान से ही नाभा के कुल 23 वार्डो के प्रत्याशियों ने सरगर्मियां शुरू कर दी हैं। 2015 में चुनाव के दौरान शिअद व भाजपा गठबंधन ने एक साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस ने अकेले ही चुनाव लड़ा। तब शिअद के खाते में नौ, भाजपा को सात, कांग्रेस को छह व आजाद प्रत्याशियों के खाते में एक वार्ड गया था। इस दौरान शिअद का प्रधान बना रहा। सत्ता बदलने के बाद कांग्रेस का प्रधान बनाया गया। नगर कौंसिल के ईओ सुखदीप सिंह कंबोज ने बताया कि नाभा तहसील में करीब एक लाख 79 हजार के करीब वोटर है। शहरी वोटरों की संख्या 73 हजार के करीब है। इस बार के चुनावों में भाजपा से अलग हुई शिअद अपने-अपने प्रत्याशी खड़े करेगे।

--------------------------

पातड़ां : पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी दस सीटें

पातड़ां नगर कौंसिल के पिछले चुनाव में 15 वार्डो में से कांग्रेस ने दस में जीत हासिल की थी। अकाली-भाजपा गठबंधन महज पांच सीटें ही जीत पाई थी। अकाली दल के खाते में तीन और भाजपा के खाते में दो वार्ड आए थे। नगर कौंसिल के चुनाव के एलान के साथ अब फिर से माहौल गर्माने लगा है। पिछली बार प्रेम चंद गुप्ता नगर कौंसिल के प्रधान बने थे। इस बार पातड़ां में कुल वोटरों की संख्या 40 हजार के करीब है। इस बार वार्डबंदी की गई है जिसमें दो नए वार्ड बनाए गए हैं। अब पातडां के कुल वार्डो की संख्या 17 हो गई है। नगर कौंसिल पातड़ां की प्रशासक डा. पालिका अरोड़ा ने बताया कि वोटें बनाने का कार्य जारी है। वोट बनाने के लिए संबंधित बूथ स्तर अफसर या दफ्तर में संबंधित चुनाव ब्रांच से संपर्क कर सकता है।

------

समाना: नएसमीकरण बनने के आसार

नगर कौंसिल समाना में 21 वार्ड हैं। बीते कौंसिल चुनाव में यहां एक सीट पर भाजपा और 20 पर शिरोमणि अकाली दल ने जीत दर्ज की थी। तब कांग्रेस यहां अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी। पिछली बार जहां अकाली-भाजपा गठबंधन ने विरोधियों का सफाया कर दिया था वहीं इस बार यह गठबंधन अस्तित्व में नहीं और दोनों भागीदार अपने अपने स्तर पर चुनाव मैदान में होंगे। इससे निश्चित रूप से चुनावी समीकरण बदलने का अनुमान लगाया जा रहा है। समाना में कुल 42 हजार के करीब वोटर हैं जिनमें से 23 हजार के करीब पुरुष और 19 हजार के करीब महिला वोटर हैं। इस संबंधी नगर कौंसिल के ईओ राजेश शर्मा ने कहा कि वे सरकार की है हिदायतों के अनुसार जारी की गई नोटिफिकेशन के चलते उस पर काम कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी