लुधियाना में ड्राइवर ने नाबालिग को डरा धमका किया दुष्कर्म, जालंधर व फगवाड़ा में मिली आरोपित की लोकेशन
लुधियाना में फोकल प्वाइंट की झुग्गियों में रहने वाले ड्राइवर ने 14 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर दिया। थाना फाेकल प्वाइंट पुलिस ने उसके खिलाफ डरा धमका कर दुष्कर्म करने तथा पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना में फोकल प्वाइंट स्थित राजीव गांधी कालोनी इलाके की झुग्गियों में रहने वाले ड्राइवर ने 14 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर दिया। अब थाना फाेकल प्वाइंट पुलिस ने उसके खिलाफ डरा धमका कर दुष्कर्म करने तथा पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर दविंदर शर्मा ने बताया कि आरोपित की पहचान राजीव गांधी कालोनी स्थित झुग्गियों में रहने वाले 30 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसी इलाके में रहने वाली महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 18 जून की रात 10 बजे आरोपित अंधेरे का फायदा उठा कर उसकी 14 वर्षीय बेटी को डरा धमका कर अपनी झुग्गी में ले गया। जहां उसने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी बेटी ने जब अपने बचाव में शोर मचाया तो वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गया।
पुलिस ने सोमवार पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया। उसके बाद मैजिस्ट्रेट के सामने पेश करके उसके 164 के तहत बयान दर्ज करा लिए है। इंस्पेक्टर दविंदर ने बताया कि दो दिन पहले आरोपित की लोकेशन जालंधर की मिली थी। मगर रेड करने पर वो वहां नहीं मिला। रविवार पुलिस को उसकी फगवाड़ा की लोकेशन मिली। वो वहां से भी किसी ट्रक में बैठ कर निकल गया। पता चलने पर पुलिस ने जालंधर बाइपास चौक में नाकाबंदी भी की। मगर वो फरार होने में सफल हो गया। उसके ठिकानों पर रेड की जा रही है। जल्दी ही उसे काबू कर लिया जाएगा।