आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने जा रहे जिला भाजपा प्रधान सहित 15 नेताओं को हिरासत में लिया
जिला भाजपा प्रधान राकेश दुग्गल के नेतृत्व में शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे गुरु हरगोबिंद नगर में स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को थाना सदर की पुलिस ने रेस्ट हाउस में हिरासत में ले लिया।
फगवाड़ा, जेएनएन। जिला भाजपा प्रधान राकेश दुग्गल के नेतृत्व में शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे गुरु हरगोबिंद नगर में स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को थाना सदर की पुलिस ने रेस्ट हाउस में हिरासत में ले लिया। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश के थाना सदर पहुंचने के बाद पुलिस ने भाजपा नेताओं को छोड़ दिया व प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने की इजाजत दे दी। जब भाजपा नेता दोबारा गुरु हरगोबिंद नगर चौक पर पहुंचे तो वहां पहले से ही मौजूद बसपा नेताओं ने भाजपा नेताओं का विरोध करना शुरू कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
माहौल बिगड़ता देख कर एसपी मनविंदर सिंह पुलिस कर्मचारियों के घटनास्थल पर पहुंचे तथा भाजपा और बसपा नेताओं से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया। भाजपा के जिला प्रधान राकेश दुग्गल व मंडल प्रधान परमजीत सिंह पम्मा ने बताया कि वह 15 कार्यकर्ताओं को साथ लेकर गुरु हरगोबिंद नगर स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर फूलमाला अर्पित करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रेस्ट हाउस में हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर सभी के पूजनीय है हर व्यक्ति को अधिकार है कि वह जब चाहें उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सकते हैं।
पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं को हिरासत में लेने पर केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश थाना सदर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने से रोकना गलत है। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश की पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत के दौरान भाजपा नेताओं को पुष्प अर्पित करने के लिए भेजा गया। भाजपा नेता दोबारा गुरु हरगोबिंद नगर में स्थित डा. अंबेडकर पार्क में पहुंचे तो वहा पहले से मौजूद बसपा के नेताओं ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसपी फगवाड़ा मनविंदर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को शात करवाने की कोशिश की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
केंद्र सरकार के कार्यकाल में पिछड़े वर्ग पर बढ़ा अत्याचार : हरभजन
बसपा नेता हरभजन सुमन ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार अनुसूचित जाति वर्ग विरोधी है। उन्होंने कहा कि पूरा साल भाजपा के नेता डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने नहीं आते है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कार्यकाल में अनुसूचित जाति वर्ग पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए है। रात के अंधेरे में प्रतिमा पर हार पहनाना भाजपा के डर को साबित करता है।
शहर का माहौल बिगड़ने नहीं देंगे : एसपी
एसपी मनविंदर सिंह ने कहा कि शनिवार को जब भाजपा नेता डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पअर्पित करने के लिए जा रहे थे तो वहां पहले ही बसपा नेता मौजूद थे। माहौल खराब न हो इसके चलते भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया था। एसपी ने कहा कि बसपा के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करके के बाद भाजपा नेताओं को पुष्प अर्पित करने की इजाजत दी थी। माहौल खराब न हो इसलिए एहतियातन के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।