पूर्व विधायक रिकू के घर के नजदीक चली गोलियां, आप कार्यकर्ताओं पर लगे आरोप

शनिवार देर रात वेस्ट हलके के शिवाजी नगर में गुंडागर्दी का नंगा नाच हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 May 2022 12:05 AM (IST) Updated:Sun, 22 May 2022 12:05 AM (IST)
पूर्व विधायक रिकू के घर के नजदीक चली गोलियां, आप कार्यकर्ताओं पर लगे आरोप
पूर्व विधायक रिकू के घर के नजदीक चली गोलियां, आप कार्यकर्ताओं पर लगे आरोप

संवाद सहयोगी, जालंधर

शनिवार देर रात वेस्ट हलके के शिवाजी नगर में गुंडागर्दी का नंगा नाच हुआ। डीसी आफिस में डीड राइटर कांग्रेस कार्यकर्ता दीपक उर्फ दीपू के घर के बाहर कुछ लोगों ने गाली गलौज किया और फिर हवाई फायर कर दिए। इसी गली में पूर्व विधायक सुशील रिकू का निवास भी है। दीपू ने आरोप लगाया कि गोली चलाने वालों में आप नेता का भाई भी शामिल है। सूचना मिलते ही एसीपी कर्ण सिंह संधू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात इलाके में सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, ताकि आरोपितों का पता चल सके।

पुलिस को दिए बयानों में दीपक उर्फ दीपू ने बताया कि चुनाव के दौरान उसने कांग्रेस प्रत्याशी सुशील रिकू का साथ दिया था और अब भी वह रिकू के साथ ही है। इसी रंजिश के चलते आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उसके घर के बाहर गोलियां चलाई। उसने बताया कि पहले लगभग दो दर्जन लोग उसके घर के बाहर आकर गाली गलौज करने लगे। उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने गोलियां चला दी। दीपू का आरोप था कि गाली गलौज करने वाले आप कार्यकर्ता हैं। दीपू ने बताया कि उसने भी अपने बचाव में अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से एक गोली चलाई। इसके बाद गाली गलौज करने वाले भाग गए। देर रात तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी। रिकू ने कहा, कांग्रेसी कार्यकर्ता होने का भुगतना पड़ा खामियाजा

कांग्रेस कार्यकर्ता पर गोली चलने की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक सुशील रिकू भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता पर गोली चलाना बेहद निदनीय है। दीपक को कांग्रेस कार्यकर्ता होने का खामियाजा भुगतना पड़ा है। उनका कहना था कि दीपक ने बताया कि कुछ आप कार्यकर्ता गोली चलाने वालों में शामिल थे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि गोली चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, एसीपी कर्ण सिंह संधू का कहना था कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। मौके से कोई खोल नहीं मिले, लेकिन जांच की जा रही है। जल्द ही गोली चलाने के मामले की पूरी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी