कामरेड अमरीक सिंह को याद किया

By Edited By: Publish:Mon, 20 Aug 2012 11:18 PM (IST) Updated:Mon, 20 Aug 2012 11:20 PM (IST)
कामरेड अमरीक सिंह को याद किया

संवाद सहयोगी, गुरदासपुर :

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) न्यू डेमोक्रेसी की तरफ से शहीद कामरेड अमरीक सिंह की 22वीं बरसी पर राजनीतिक कांफ्रेंस की गई। इस मौके पर सीपीआई के प्रदेश सचिव दर्शन खटकड़ ने कामरेड अमरीक सिंह के जीवन व शहादत के बारे में बताया। कामरेड अमरीक सिंह को खालिस्तानी आतंकियों ने शहीद कर दिया था। उन्होंने लुटेरे प्रबंध के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी जो उनकी मौत के बाद भी जारी है।

दर्शन खटकड़ ने कहा कि साम्राज्यवादी देशों में संकट गहराते जा रहे हैं। वे इस संकट विकासशील देशों पर डाल रहे हैं। वैश्वीकरण, उदारीकरण व निजीकरण की नीतियां लोगों पर बुरा प्रभाव डाल रही है। देश में गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। अमीर व गरीब का फर्क बढ़ता जा रहा है। सरदारा सिंह माहल ने कहा कि सत्ता पर काबिज लोग मौजूदा हालात के जिम्मेदार हैं। इसकी जड़ निजी जायदाद व मुनाफा आधारित आर्थिकता है। बड़े-बड़े घोटालों का पर्दाफाश हो रहा है। कार्पोरेट जगत प्राकृतिक स्त्रोतों पर कब्जा करते जा रहे हैं। पंजाब में ही एक परिवार ने रेत, बजरी, परिवहन व शराब कारोबार पर कब्जा कर रखा है। नया प्रबंध बनाने के लिए लोगों को संघर्ष करना होगा। किरती किसान यूनियन के दातार सिंह ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण कृषि घाटे का सौदा बनती जा रही है। सूखे की स्थिति में भी केंद्र सरकार पंजाब के किसानों को राहत नहीं दे रही है। पंजाब के लोगों पर लगातार टैक्स लगाये जा रहे हैं। इस मौके पर कुलविंदर सिंह, रमेश राणा, राज कुमार, सतबीर सिंह, सोना मसीह, फूला मसीह आदि उपस्थित थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी