सफेद घोड़े को काला कर साढ़े 17 लाख में बेच दिया, ऐसे हुआ खुलासा

फरीदकोट में कुछ लोगों ने सफेद घोड़े को काले रंग में रंग कर इसे खास नस्‍ल का बताकर साढ़े 17 लाख रुपये में बेच दिया। एक माह में घोड़े का रंग उतर गया तो ठगी का खुलासा हुआ।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 25 Oct 2018 10:20 AM (IST) Updated:Thu, 25 Oct 2018 11:29 AM (IST)
सफेद घोड़े को काला कर साढ़े 17 लाख में बेच दिया, ऐसे हुआ खुलासा
सफेद घोड़े को काला कर साढ़े 17 लाख में बेच दिया, ऐसे हुआ खुलासा

जेएनएन, फरीदकोट। यहां धोखाधड़ी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को सफेद घोड़े को काला करके 17.5 लाख रुपये में बेच दिया गया। एक माह बाद ही घोड़ा सफेद पड़ गया। थाना सिटी पुलिस ने  घोड़े को रंग करके बड़ी कीमत में बेचने के आरोप में एक महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

स्थानीय हरेंद्रा नगर निवासी करनबीर इंद्र सिंह सेखों ने थाना सिटी में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह घोड़े रखने का शौकीन है। वह मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा खरीदना चाहता था। उसने पटियाला के मेवा सिंह, हरपाल सिंह, हरपाल सिंह की पत्नी, बठिंडा के मनप्रीत सिंह उर्फ माणा, गुरविंदर सिंह, गुरसेवक सिंह सहित संगरूर निवासी मंगल खान और भदौड़ के कुलजीत सिंह के साथ मुलाकात की।

इन लोगों ने उसे एक काला घोड़ा दिखाया और कीमत 24 लाख रुपये बताई। बाद में 17.50 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। करनबीन इंद्र के अनुसार उसने पूरी रकम देकर घोड़ा खरीद लिया। कुछ समय बाद घोड़े पर सफेद दाग पड़ने शुरू हो गए और धीरे-धीरे वह पूरा सफेद हो गया। तब समझ आया कि सफेद रंग के घोड़े को काला रंग करके उन्हें बेचा गया, जिसकी कीमत बहुत कम है। सहायक थानेदार कुलविंदर सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनका तलाश शुरू कर दी गई है।

आरोपितों पर अन्य राज्यों में भी दर्ज हैं केस

शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने आरोपियों से मारवाड़ी नस्ल का काला घोड़ा खरीदने का सौदा किया था। उन्होंने उसे सफेद रंग के घोड़े को काले रंग से डाई कर बेच दिया। आरोपित पिछले लंबे समय से घोड़े बेचने के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। आरोपितों के खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु समेत कई दूसरे राज्यों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

2016 में पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर के नाम पर भी हो चुकी है ठगी

सफेद घोड़ों को काले रंग में रंगकर महंगे दाम पर बेचने का गोरखधंधा प्रदेश में काफी दिनों से चल रहा है। इससे पहले 2016 में पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के स्टड फार्म के नाम पर भी घोड़ा व्यापारियों से ठगी हो चुकी है। बठिंडा के व्यापारी रविंदर सिंह चीमा व कोटली तोता सिंह के गुरचरन सिंह ने गिरोह के सदस्य मंगल सिंह व अमरजीत सिंह पर ठगी का केस दर्ज कराया था।

chat bot
आपका साथी