दिसंबर में पंजाब में होगी बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल, भाजपा निभाएगी लीड रोल : आरपी सिंह

दिसंबर में पंजाब की राजनीति में एक नया मोड़ आएगा जिसमें भाजपा लीड रोल अदा करेगी। एक बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल होने वाली है जिससे कई परिस्थितियां बदल जाएंगी। इसका असर पंजाब में ही नहीं उत्तराखंड सहित कई अन्य राज्यों पर भी पड़ेगा। यह दावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में किया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 06:30 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 06:30 PM (IST)
दिसंबर में पंजाब में होगी बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल, भाजपा निभाएगी लीड रोल : आरपी सिंह
दिसंबर में पंजाब में होगी बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल, भाजपा निभाएगी लीड रोल : आरपी सिंह

-भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह से दैनिक जागरण की विशेष बातचीत

-आप को आड़े हाथ लेते हुए कहा- कोरोना काल में गायब रहे मोहल्ला क्लीनिक

---------------------------

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़

दिसंबर में पंजाब की राजनीति में एक नया मोड़ आएगा जिसमें भाजपा लीड रोल अदा करेगी। एक बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल होने वाली है, जिससे कई परिस्थितियां बदल जाएंगी। इसका असर पंजाब में ही नहीं, उत्तराखंड सहित कई अन्य राज्यों पर भी पड़ेगा। यह दावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में किया है।

सेक्टर-33 चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि यह विरोधियों को गलतफहमी हो सकती है कि भाजपा ने पंजाब को छोड़ दिया है। लेकिन ऐसा नहीं है। उनका कहना है कि भाजपा पंजाब विधानसभा चुनाव की सभी 117 सीटों पर काफी मजबूती से चुनाव लड़ने वाली है। राजनीति में कल क्या हो जाए, किसी को कुछ नहीं पता है। उन्होंने कहा कि कि भाजपा का पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से मुकाबला है।

आम आदमी पार्टी गाना अच्छा गाती है

प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी केजरीवाल माडल को लेकर सिर्फ गाना अच्छा गाती है। जबकि जमीनी स्तर पर कुछ नहीं है। आप का सिर्फ हौवा बना हुआ है। वह खुद दिल्ली में रहते हैं। जिस मोहल्ला क्लीनिक की आप बात कर रही है, असल में वहां पर जानवर बैठते हैं। इसकी उनके पास कई तस्वीरें भी है। राष्ट्रीय प्रवक्ता आपी सिंह ने कहा कि कोरोना काल में यह मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से गायब दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हाल ही में आप का एक विधायक 60 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। दिल्ली के कई सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपल तक नहीं हैं।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में जीत तय

प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले नगर निगम चुनाव से ज्यादा प्रदर्शन इस बार पार्टी करेगी।

प्रियंका वाड्रा नहीं कोर्ट फैसला करेगी

आरपी सिंह ने किसान आंदोलन पर कहा कि सरकार बात करने के लिए तैयार है। लेकिन बातचीत का मतलब हाइवे (हमारे हिसाब से) या माइवे (मेरे हिसाब से)नहीं होता है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कमेटी का गठन किया, लेकिन उसे भी नहीं माना जा रहा है। उनकी किसानों से अपील है कि वह बातचीत करें क्योंकि इससे ही रास्ता निकलेगा। असल में अब किसान आंदोलन को सिख आंदोलन बनाया जा रहा है। लखीमपुर मामले पर पर आरपी सिंह ने कहा कि जांच चल रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह गृह मंत्री का बेटा ही क्यों न हो। फैसला प्रियंका वाड्रा नहीं कोर्ट करेगी। उन्होने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में आदिवासियों को गोली मारी जाती है तो प्रियंका चुप रहती हैं ऐसा क्यों। उनका कहना है कि जितना काम मोदी सरकार ने सिखों के लिए किया है आज तक किसी सरकार ने नहीं किया। गुरुनानक देव जी की बाणी का अनुवाद इस समय हिदुस्तान की हर भाषा में हो रहा है।

chat bot
आपका साथी