नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब माडल पर मोहर लगाते नजर आए सुरजेवाला, कहा- किसान हित सर्वोपरि

पंजाब कांग्रेस भवन में रणदीप सुरजेवाला व नवजोत सिंह सिद्धू ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान सुरजेवाला नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब माडल पर मोहर लगाते नजर आए। सिद्धू पंजाब माडल को लेकर चन्नी सरकार को भी घेरते रहे हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 03:08 PM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 03:08 PM (IST)
नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब माडल पर मोहर लगाते नजर आए सुरजेवाला, कहा- किसान हित सर्वोपरि
पंजाब कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सुरजेवाला व सिद्धू। जागरण

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला आज पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब माडल पर मोहर लगाते नजर आए। दोनों नेताओं ने पंजाब कांग्रेस भवन में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पंजाब माडल की बातें दोहराई, जिस पर रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी सहमति जताई।

बता दें, नवजोत सिंह सिद्धू सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से इतर लाइन पर चल रहे हैं। कई बार वह चन्नी सरकार को घेर चुके हैं। सिद्धू अपने पंजाब माडल पर जोर देते हैं। बुधवार को कांग्रेस भवन में सिद्धू ने एक बार फिर अपने पंजाब माडल पर चर्चा की। कहा कि उनके पंजाब माडल में राज्य को कर्जामुक्त करने के साथ-साथ सभी वर्गों खासकर किसान, महिलाओं व निचले तबके के लोगों के लिए योजनाएं होंगी।

मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि देश के किसान व मजदूरों के साथ केंद्र सरकार ने विश्वासघात किया है। सरकार ने आमदनी दोगुणी करने की बात की थी, लेकिन आमदनी तो दोगुणी हुई नहीं, पर दर्द जरूर सौ गुणा बढ़ गया। कहा कि जब कृषि कानून लाया गया तब अकाली साथ थे। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने तो इसको लेकर अपने राज्य भी कानून भी बना दिया। 

सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानी पर भी जीएसटी लगा दिया। कहा कि मोदी सरकार किसान विरोधी है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उनके पास पंजाब के विकास के लिए माडल है। उन्होंने कहा कि अगर अन्य दलों के पास भी ऐसा माडल हो तो बताएं। सिद्धू ने कहा कि वह दाल, मक्की पर एमएसपी देंगे। इस पर सुरजेवाला ने भी सहमति जताई। 

सुरजेवाला ने किसान नेताओ का चुनाव लड़ने का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का अधिकार है। चन्नी के करीबी रिश्तेदार के घर ईडी की रेड पर सुरजेवाला ने कहा कि यह ईडी नहीं बल्कि इलेक्शन डिपार्टमेंट बन गया है। 1984 मामले में कांग्रेस पर उठे सवालों पर सुरजेवाला ने कहा कि मनमोहन सिंह ,सोनिया गांधी ने इस पर खेद जताया है। सजा दिलवाने की कोशिश की।

chat bot
आपका साथी