पंचकूला और जीरकपुर के निगम अधिकारी आमने-सामने

पंचकूला के सेक्टर-19 में बॉर्डर पर पंजाब एवं हरियाणा के अधिकारी आमने-सामने थे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Aug 2018 09:07 PM (IST) Updated:Tue, 21 Aug 2018 11:37 AM (IST)
पंचकूला और जीरकपुर के निगम अधिकारी आमने-सामने
पंचकूला और जीरकपुर के निगम अधिकारी आमने-सामने

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : पंचकूला के सेक्टर-19 में बॉर्डर पर पंजाब एवं हरियाणा के अधिकारी आमने-सामने थे। सेक्टर के लोगों के घरों में पिछले दिनों पानी घुसने के चलते नगर निगम पंचकूला की ओर से बॉर्डर पर कर्व लगाने का काम सोमवार सुबह शुरू कर दिया गया। इसके बाद बलटाना के लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। जीरकपुर नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जीरकपुर के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब की सीमा पर किसी भी हालत में कर्व नहीं लगने दिए जाएंगे। सेक्टर-19 निवासी सुरेंद्र लाडी ने बताया कि सेक्टर-19 एवं बलटाना के बॉर्डर पर नगर निगम पंचकूला द्वारा काफी समय पूर्व कर्व चैनल लगाए गए थे, लेकिन बीच में कुछ जगह छोड़ दी गई थी। इस जगह से पंजाब का बरसाती पानी सेक्टर-19 में घुसता है। जिसके चलते पंचकूला निगम द्वारा कर्व लगाए जाने शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय महिलाओं ने पूर्व पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूर्व पार्षद ने जानबूझकर बलटाना के कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए कर्व हटवा दिए थे। सुरेंद्र लाडी, अंकुर गुलाटी ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा की बाउंड्री पर कर्व लगाने थे, क्योंकि पार्किग से पानी पंजाब से हरियाणा में आ जाता है, परंतु बलटाना के लोगों के विरोध के बाद जीरकपुर नगर परिषद के अधिकारी आ गए। केवल 15-20 कर्व उखड़े हुए थे, वही लगाए जाने थे। इसके बाद पंचकूला नगर निगम के ईओ जरनैल सिंह, म्यूनिसिपल इंजीनियर भी मौके पर पहुंचे। दोनों एरिया के अधिकारियों के बीच लंबी बहस के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया। अब मंगलवार को दोनों के बीच बैठक होगी, जिसके बाद बॉर्डर पर कर्व लगेंगे या नहीं, फैसला होगा। कई साल से लोग झेल रहे हैं समस्या

वहीं, सेक्टर-19 निवासी गुलशन अरोड़ा ने कहा कि यहां पिछले कई सालों से लोगों को यह समस्या झेलनी पड़ रही है, जिसका मुख्य कारण पंजाब के लोगों द्वारा नाले पर अवैध कब्जा करना है। जब तक नाले से अवैध कब्जा नहीं हटाया जाएगा, तब तक यह समस्या बरकरार रहेगी। गुलशन कुमार अरोड़ा ने कहा कि यदि नगर निगम पंचकूला एवं जीरकपुर नगर परिषद द्वारा बरसात से पहले हर साल नालों की सफाई कर दी जाए, तो यह समस्या खत्म हो जाएगी।

लोगों को अधिकारियों ने समझाया

मौके पर पंचकूला नगर निगम के ईओ जरनैल सिंह व जीरकपुर के एसडीओ सुखविंदर सिंह पहुंचे और उन्होंने लोगों समझाया। मंगलवार को दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक होगी। जिसके बाद समस्या का हल निकाला जाएगा। शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद सेक्टर-19 में रहने वाले लोगों के घरों में बरसात व सीवरेज का पानी घुस गया था। जिसके बाद लोगों ने दोनों राज्यों की सड़क जाम कर हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। लोगों के घरों में पानी घुसने के कारण काफी नुकसान हुआ था। रोड बर्न को लेकर पहले हो चुका है बवाल

इसे पहले भी रोड बर्न को लगाने को लेकर दोनों राज्यों के रहने वाले लोगों के बीच बवाल हो चुका है। लोगों ने बताया कि बलटाना से बरसात के बाद सीवरेज और बरसात का पानी सेक्टर-19 में रह रहे लोगों के घरों में घुस जाता है। इस की शिकायत नगर निगम प्रशासक को दे चुके है। सेक्टर-19 वासी लोगों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश में बलटाना और सेक्टर-19 के बॉर्डर पर बने सीवरेज के मैनहोल से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सेक्टर-19 के घरों में घुस जाता है। एक तो सेक्टर वासी बरसात के पानी से वैसे ही परेशान हैं। दूसरी गंदे पानी से दोहरी मार झेल रहे हैं। नगर निगम प्रशासक ने खुद किया था निरीक्षण

पिछले दिनों बरसात में नगर निगम प्रशासक जोगपाल ने सेक्टर-19 में निरीक्षण किया था। लोगों ने अपनी समस्याएं उनको बताई थी। जिसके बाद उन्होंने सेक्टर-19 और बलटाना के बीच करीब चार फुट की आरसीसी दीवार बनाने के आदेश दिए थे। उसके बाद काम भी शुरू कर दिया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि बटलानावासी लोगों ने ठेकेदार को डरा धमका के काम को रुकवा दिया था। जिसके बाद लोगों ने उसका विरोध किया।

chat bot
आपका साथी