चंडीगढ़ में कबड्डी खिलाड़ियों ने किया हंगामा, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेल विभाग के खिलाफ की नारेजबारी

चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आज कबड्डी खिलाडियों ने हंगामा कर दिया। खिलाड़ियों का आरोप है खेल विभाग के अधिकारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए दोबारा से खिलाड़ियों का चयन करना चाहते हैं जबकि उनका सेलेक्शन हो चुका है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 26 May 2022 12:44 PM (IST) Updated:Thu, 26 May 2022 12:44 PM (IST)
चंडीगढ़ में कबड्डी खिलाड़ियों ने किया हंगामा, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेल विभाग के खिलाफ की नारेजबारी
सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के बाहर मौजूद महिला कबड्डी खिलाड़ी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कबड्डी खिलाडियों ने हंगामा कर दिया। खिलाड़ियों का आरोप है कि उनका सेलेक्शन खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए हो चुका था और उन्होंने प्रतियोगिता के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी थी। लेकिन अब उन्हें कहा जा रहा है कि खिलाड़ियों का दोबारा चयन होगा, जिसके लिए पंचकूला सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में उनके मैच होंगे। इस बात को लेकर खिलाड़ियों ने रोष जाहिर करते हुए खेल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

खिलाड़ियों ने यह भी आरोप लगाया है कि खेल विभाग और कबड्डी से जुड़े लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का चयन कर उनका सेलेक्शन रद करना चाहते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी चंडीगढ़ में एक कबड्डी टूर्नामेंट में विवाद होने के बाद टूर्नामेंट को रोक दिया गया था।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में कबड्डी खिलाड़ियों का दोबारा से चयन प्रक्रिया का होना विवाद खड़ा कर रहा है। इन बातों से यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि अगर जिन खिलाड़ियों का पहले चयन हुआ था अगर वह सही नहीं है तो फिर किस आधार पर उनको चुना गया था। क्या उस समय चयनकर्ताओं ने टीम चयन के लिए सभी मापदंड पूरे नहीं किए थे।

कबड्डी खिलाड़ियों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ उनके अभिभावक, कोच और साथी भी शामिल रहे। सभी ने आरोप लगाए कि चंडीगढ़ कबड्डी एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी अपने पद का गलत प्रयोग कर चयनित खिलाड़ियों को दोबारा से चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए विवश कर रहे हैं। इसके खिलाफ खिलाड़ी अपना रोष जता रहे हैं। बता दें कि 4 जून से पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत हो रही है।

chat bot
आपका साथी