पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चौथे भाजपा नेता हैं विजय रूपाणी

विजय रूपाणी ने शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चौथे भाजपा नेता हैं। जुलाई में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दिया था।

By TaniskEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 09:21 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 09:21 PM (IST)
पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चौथे भाजपा नेता हैं विजय रूपाणी
पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चौथे भाजपा नेता हैं विजय रूपाणी।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। विजय रूपाणी ने शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले चौथे भाजपा नेता हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में चुनाव से एक साल पहले यह पद छोड़ा है। गुजरात विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए काफी अहम होगा। पार्टी की नजर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर होगी।

विजय रूपाणी से पहले जुलाई में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे की चर्चा काफी समय से चल रही थी। उन्होंने कई बार इन कयासों का खंडन किया था। उनके इस्तीफे के बाद बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया वहीं उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत ने त्रिवेंद्र रावत की जगह लेने के लगभग चार महीने बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पुष्कर सिंह धामी को यहां का मुख्यमंत्री बनाया गया। गुजरात और उत्तराखंड दोनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

बता दें कि तीरथ रावत का छोटा सा कार्यकाल विवादों से भरा रहा। उत्तराखंड के भाजपा नेताओं ने आलाकमान से उनके कुछ बयानों को लेकर जनता के गुस्से की शिकायत की थी। इसमें अमेरिका के बारे में चौंकाने वाली टिप्पणी शामिल थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका ने भारत पर 200 साल शासन किया था। 

रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि उन्होंने नई ऊर्जा और शक्ति के साथ राज्य को और विकसित करने के लिए इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने अपने मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को भी धन्यवाद दिया। सूत्रों ने कहा कि मनसुख मंडाविया, जिन्होंने जुलाई में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल संभावित उनकी जगह ले सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि दादरा और नगर हवेली और लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल खोड़ा पटेल भी सीएम बन सकते हैं।

chat bot
आपका साथी