Raksha Bandhan 2022: माधवराव सिंधिया-वसुंधरा राजे से लेकर राहुल और प्रियंका गांधी तक... भाई-बहन की इन जोड़ियों ने खूब कमाया नाम

Raksha Bandhan 2022 आज देशभर में राखी (रक्षाबंधन) का पावन त्योहार मनाया जा रहा है। आज भाई-बहन के इस पावन त्योहार पर हम आपको कुछ ऐसे ही भाई-बहन की जोड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने अपने क्षेत्र में खूब नाम कमाया है।

By Mahen KhannaEdited By: Publish:Thu, 11 Aug 2022 10:23 AM (IST) Updated:Thu, 11 Aug 2022 10:23 AM (IST)
Raksha Bandhan 2022: माधवराव सिंधिया-वसुंधरा राजे से लेकर राहुल और प्रियंका गांधी तक... भाई-बहन की इन जोड़ियों ने खूब कमाया नाम
कांग्रेस नेता राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। भाई-बहन का रिश्ता ऐसा अटूट संबंध है, जो बिना किसी बातचीत के भी एक दूसरे के मन की पीड़ा, भय, खुशी के बारे में जान लेता है। हिंदू परंपरा के अनुसार भाई बहन के इस अटूट रिश्ते को और मजबूती देने के लिए सभी रक्षाबंधन का त्योहार मनाते हैं। इस दिन सभी उम्र की बहनें अपने भाइयों की कलाई पर एक रक्षाधागा बांधती हैं और माथे पर तिलक लगाकर उनकी रक्षा और अच्छे स्वास्थ्य की मनोकामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों को जीवन भर रक्षा करने का वचन देते हैं। इस बीच भारत में कई भाई बहनों की जोड़ी है जिन्होंने राजनीति और अन्य क्षेत्रों में ख्याति हासिल की है। चाहे राजनीति हो या पत्रकारिता इन भाई बहन की जोड़ियों ने खूब नाम कमाया है। आइए जानते हैं ऐसे 5 भाई बहनों की जोड़ियों के बारे में....

1. राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा

ये दोनों भाई-बहन की जोड़ी भारत के सबसे पुराने और शक्तिशाली राजनीतिक दलों में से एक कांग्रेस के कर्ताधर्ता यानी गांधी परिवार से हैं और दोनों को ही बड़े नेताओं में गिना जाता है। प्रियंका राहुल के जीवन में उत्प्रेरक के रूप में रही हैं और हमेशा साथ दिखी हैं। प्रियंका फिलहात कांग्रेस महासचिव पद पर हैं, वहीं राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं और अभी केरल से सांसद भी हैं। दोनों ही नेता ज्यादातर मौकों पर साथ देखे जातें हैं जो उनमें विश्वास और प्यार को दर्शाता है।

2. नलिनी सिंह और अरुण शौरी

ये दोनों उपभोक्ता अधिकार कार्यकर्ता एच डी शौरी की संतान हैं। नलिनी दूरदर्शन पर कई कार्यक्रमों की एंकर रही हैं और कार्यक्रम 'आंखों देखी' के लिए सबसे ज्यादा जानी जाती हैं। उनके भाई, अरुण शौरी एक शक्तिशाली राजनेता, स्तंभकार और पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।

3. रवि शंकर प्रसाद और अनुराधा प्रसाद शुक्ला

भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के कानून मंत्री रह चुके रवि शंकर प्रसाद से हर कोई वाकिफ है। उनके पिता ठाकुर प्रसाद पटना उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता थे और भारतीय जनता पार्टी के पूर्ववर्ती जनसंघ के प्रमुख संस्थापकों में से एक थे। वहीं, उनकी बहन अनुराधा प्रसाद देश की जानी मानी पत्रकार और बीएजी फिल्म्स एंड मीडिया लिमिटेड की मालिक हैं। अनुराधा कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला की पत्नी हैं। ये दोनों भाई बहन की जोड़ी ने अपने-अपने क्षेत्रों में काफी नाम कमाया है।

4. उमर अब्दुल्ला और सारा पायलट 

ये दोनों कश्मीर के सबसे शक्तिशाली राजनीतिक परिवार अब्दुल्ला से तालुक रखते हैं। उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के 11वें और सबसे युवा मुख्यमंत्री रहे हैं और उनकी बहन सारा उनसे छोटी हैं। सारा अब्दुल्ला ने दिवंगत कांग्रेस नेता राजेश पायलट के बेटे सचिन पायलट से शादी की है।

5. माधवराव सिंधिया और वसुंधरा राजे

स्वर्गीय माधवराव सिंधिया और वसुंधरा राजे का जन्म ग्वालियर के अंतिम महाराजा के यहां हुआ था। दोनों भाई-बहन नेता बनने के लिए अपनी मां राजमाता विजयराजे सिंधिया के नक्शेकदम पर चले। हालांकि दोनों एक साथ रहे, लेकिन जब राजनीति की बात आई तो दोनों के रास्ते अलग हो गए। माधवराव कांग्रेस में शामिल हो गए और उनकी बहन वसुंधरा भाजपा में शामिल हो गईं। माधवराव केंद्रीय मंत्री बने, जबकि वसुंधरा राजस्थान की मुख्यमंत्री बनीं। माधवराव की मृत्यु के बाद, उनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया अब मोदी सरकार में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हैं।

chat bot
आपका साथी