पार्टी की बैठकों से राहुल गांधी ने बनाई दूरी, कांग्रेस को देनी पड़ी सफाई

कांग्रेस विधायक दलों के नेताओं की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने शिरकत की थी। वहीं राहुल गांधी इस बैठक से नदारद दिखे।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sat, 14 Sep 2019 09:46 PM (IST) Updated:Sun, 15 Sep 2019 08:38 AM (IST)
पार्टी की बैठकों से राहुल गांधी ने बनाई दूरी, कांग्रेस को देनी पड़ी सफाई
पार्टी की बैठकों से राहुल गांधी ने बनाई दूरी, कांग्रेस को देनी पड़ी सफाई

नई दिल्ली, आइएएनएस। लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राहुल गांधी अब पार्टी की बैठकों से भी किनारा करने लगे हैं। शनिवार को यहां अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की चुनाव समिति की बैठक में भी वह शामिल नहीं हुए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के बारे में फैसला करने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी।

इस संबंध में एक सवाल पर राहुल गांधी के दफ्तर से बताया गया कि चूंकि वह चुनाव समिति के सदस्य नहीं हैं, इसलिए वह बैठक में शामिल नहीं हुए।

कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने की थी शिरकत
इससे पहले भी राहुल गांधी पार्टी की कई अहम बैठकों में शामिल नहीं हुए थे। 12 सितंबर को सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी वह शामिल नहीं हुए थे। उक्त बैठक में कई अहम फैसले लिए गए थे और देश के आर्थिक हालात पर चर्चा हुई थी। पार्टी के महासचिवों, राज्य प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दलों के नेताओं की इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने शिरकत की थी।

बैठक में राहुल गांधी की गैरमौजूदगी के बारे में पूछे जाने पर आरपीएन सिंह ने कहा था कि वह बैठक पार्टी के महासचिवों और पार्टी प्रभारियों की थी। अटकलों को खत्म करने के लिए पार्टी ने राहुल गांधी के कार्यक्रमों की सूची भी जारी की थी।

राहुल गांधी 10 अगस्त को हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया था। वह अनुच्छेद 370 पर चर्चा के लिए हुए CWC की बैठक में भी शामिल हुए थे।

गांधी जयंती की पदयात्रा में शामिल होंगे राहुल गांधी
केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी कांग्रेस की कई समितियों के सदस्य नहीं हैं। पार्टी के अध्यक्ष से इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि गांधी-नेहरू परिवार से कांग्रेस का अगला अध्यक्ष नहीं होगा। लेकिन तीन महीने बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाने का फैसला किया था।

कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर दो अक्टूबर को आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। इस दिन कांग्रेस ने देशभर में पदयात्रा निकालने की योजना बनाई है।

इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के राज्‍यपाल बोले, इतना चमकाओ कि गुलाम कश्मीर से लोग भी आने को मजबूर हो जाएं

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने कहा- देश की अर्थव्यवस्था पर आए संकट का आकलन नहीं कर पा रही मोदी सरकार

chat bot
आपका साथी