Political Turmoil in Rajasthan: राजस्‍थान में सियासी घमासान, पंचायती राज मंत्री ने ही विभाग के कैबिनेट मंत्री के खिलाफ राज्यमंत्री ने मोर्चा खोला

Political Turmoil in Rajasthan राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के मंत्री एक-दूसरे से उलझने में व्यस्त हैं। पंचायती राज राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा के मुंह से भ्रष्टाचार हटाने की बात अच्छी नहीं लगती है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 05 Aug 2022 11:33 PM (IST) Updated:Fri, 05 Aug 2022 11:33 PM (IST)
Political Turmoil in Rajasthan: राजस्‍थान में सियासी घमासान, पंचायती राज मंत्री ने ही विभाग के कैबिनेट मंत्री के खिलाफ राज्यमंत्री ने मोर्चा खोला
राजस्थान अशोक गहलोत सरकार में अपसी टकराव सामने आ रहा है। (प्रतिकात्‍मक तस्‍वीर)

नरेंद्र शर्मा, जयपुर। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के मंत्री अब आपस में उलझने लगे हैं। शुक्रवार को पंचायती राज राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपने विभाग के कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। गुहा ने कहा कि मीणा के मुंह से भ्रष्टाचार खत्म करने की बात अच्छी नहीं लगती है। मीणा को ईमानदारी की बात नहीं करनी चाहिए। गुढ़ा ने कहा कि यदि इसी तरह से चलता रहा तो अकेले मीणा ही सरकार का काम निपटा देंगे। सरकार का ज्यादा से ज्यादा नुकसान मीणा कर देंगे।

यह है नाराजगी का कारण

गौरतलब है कि गुढ़ा की नाराजगी का कारण सरपंचों को लेकर मीणा का बयान है। मीणा ने सरपंचों के काम की आडिट एनजीओ से कराने की बात कही थी। उन्होंने कुछ जिलों के सरपंचों पर तीन सौ करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाए थे, जिससे सरपंच नाराज हैं। गुढ़ा ने कहा कि मीणा का सरपंचों को भ्रष्टाचारी बताना गलत है। सरपंच अपनी जेब से पैसा खर्च कर के जनसेवा करते हैं। पंचायत के पैसों से कोई सरपंच पैसे वाला नहीं बना।

धारीवाल का अलाइन्मेंट ठीक नहीं

गुढ़ा इससे पहले स्वायत्त शासन और संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने कहा था कि धारीवाल का अलाइन्मेंट ठीक नहीं है। धारीवाल को ठीक करना पड़ेगा। खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने तो मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका पर ही निशाना साधते हुए कहा था कि मुझे जंजाल से मुक्त करें। सभी विभागों का प्रभार रांका को दे दें।

विधायक जता चुके हैं नाराजगी

चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा और शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला सहित कई मंत्रियों के खिलाफ विधायक सार्वजनिक रूप से नाराजगी जता चुके हैं। कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर आक्रोश है कि मंत्री उनकी सुनवाई नहीं करते हैं।

महापड़ाव में मंत्री समर्थकों और विरोधियों में मारपीट

सरपंचों के महापड़ाव के दौरान शुक्रवार को जयपुर के मानसरोवर में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी। इस दौरान आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों गुटों को अलग- अलग किया। सरपंच संघ के संरक्षक भंवलाल ने आरोप लगाया कि बिना किसी जांच के मंत्री सरपंचों पर घोटाले के आरोप लगाकर छवि खराब कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी