स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लेने वाले हमें देश भक्ति न सिखाएं, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का नड्डा पर पलटवार

राहुल गांधी की देश भक्ति पर सवाल उठाने के नड्डा के बयानों को खारिज करते हुए खरगे ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लेने वाले भाजपा के लोगों को देशभक्ति के बारे में बताने की बजाय हमसे सीखना चाहिए। File Photo

By Sanjay MishraEdited By: Publish:Fri, 17 Mar 2023 08:19 PM (IST) Updated:Fri, 17 Mar 2023 08:19 PM (IST)
स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लेने वाले हमें देश भक्ति न सिखाएं, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का नड्डा पर पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का जेपी नड्डा पर पलटवार।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। संसद में जारी संग्राम के बीच शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के राहुल गांधी पर आक्रामक हमले का जवाब देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बेहद तीखे पलटवार के साथ मोर्चा खोल दिया। राहुल गांधी की देश भक्ति पर सवाल उठाने के नड्डा के बयानों को खारिज करते हुए खरगे ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लेने वाले भाजपा के लोगों को देशभक्ति के बारे में बताने की बजाय हमसे सीखना चाहिए।

खरगे ने किया पलटवार

नड्डा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लेने वाले राष्ट्र विरोधी हैं और लोकतंत्र पर चिंता जताने वाले सच्चे देश भक्त हैं। संसद में बीते पांच दिनों से भाजपा की ओर से राहुल पर जारी हमले को जेपी नड्डा ने शुक्रवार को और धार दिया तो मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की।

खरगे ने भाजपा पर साधा निशाना

संसद परिसर में पत्रकारों से खरगे ने कहा कि भाजपा भयावह बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई के साथ अपने 'सबसे करीबी मित्र' के घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल आरोप लगा रही है। खरगे ने ट्वीट करते हुए कहा कि जिन्होंने आजादी की लड़ाई में रत्ती भर भी योगदान नहीं दिया, वे असली राष्ट्र विरोधी हैं।

उन्होंने कहा कि नड्डा को मालूम होना चाहिए कि मोदी जी ने चीन में, अमेरिका, दक्षिण कोरिया में जाकर भारत के नागरिकों का अपमान किया। मोदी जी को माफी मांगनी चाहिए। हमारा माफी मांगने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। खरगे ने लोकतंत्र को लेकर राहुल गांधी की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की और कहा कि वो सच्चा देशभक्त है।

खरगे ने सरकार पर लगाया आरोप

खरगे ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान भी कहा कि अगर संसद में राहुल गांधी को बोलने का मौका मिलेगा, तो हम भाजपा के इन आरोपों का पुरजोर जवाब देंगे और इसीलिए भाजपा के लोग डरे हुए हैं और हमें संसद में बोलने का मौका नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब हर सांसद को अभिव्यक्ति की आजादी है तो फिर हमें सदन में बोलने की इजाजत क्यों नहीं द जा रही?

chat bot
आपका साथी