क्‍या कांग्रेस अध्‍यक्ष चुनाव में आने वाला है ट्विस्‍ट? पार्टी सांसद ने प्रियंका गांधी को लेकर कर डाली यह मांग

Congress President Election कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने बुधवार को प्रियंका गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग की। उनका कहना है कि शादी होने के बाद प्रियंका अब गांधी परिवार की सदस्य नहीं रह गई हैं।

By AgencyEdited By: Publish:Wed, 28 Sep 2022 05:16 PM (IST) Updated:Wed, 28 Sep 2022 05:16 PM (IST)
क्‍या कांग्रेस अध्‍यक्ष चुनाव में आने वाला है ट्विस्‍ट? पार्टी सांसद ने प्रियंका गांधी को लेकर कर डाली यह मांग
Congress President Election: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी

नई दिल्ली, एजेंसी। Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत 24 सितंबर से हो चुकी है। केरल के तिरुअनंतपुर से सांसद शशि थरूर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन राजस्थान में हुए सियासी ड्रामे के बाद गहलोत को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। इसी बीच कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक (Congress MP Abdul Khaleque) ने प्रियंका गांधी के पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने की वकालत की।

उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के अनुसार, वाड्रा परिवार की बहू होने के कारण प्रियंका अब गांधी परिवार की सदस्य नहीं हैं। उन्हें अध्यक्ष पद ग्रहण करना चाहिए।

प्रियंका गांधी सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार

बारपेटा (Barpeta) के कांग्रेस सांसद ने एक ट्वीट में कहा, 'जैसा कि राहुल गांधी फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनने से इनकार कर रहे हैं, मैं प्रियंका गांधी को सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार मानता हूं। वाड्रा परिवार की बहू होने के नाते वह अब गांधी परिवार की सदस्य नहीं हैं।'

उनकी टिप्पणी अशोक गहलोत के यह भी कहने के कुछ दिनों बाद आई है कि राहुल गांधी ने उनसे कहा है कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा का सम्मान करते हैं कि उन्हें संगठन का प्रभार लेना चाहिए, लेकिन गांधी परिवार से कोई भी अगला कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेगा।

गहलोत ने कहा- गैर-गांधी परिवार का व्यक्ति बने अध्यक्ष

गहलोत ने कहा, 'मैंने उनसे (राहुल गांधी) से कई बार अनुरोध किया है। पीसीसी ने प्रस्ताव पारित किया है। कार्यकर्ता भी यही चाहते हैं। मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है लेकिन कुछ कारणों से हमने तय किया है कि एक गैर-गांधी परिवार के व्यक्ति को अध्यक्ष बनना चाहिए।'

कौन होगा थरूर का प्रतिद्वंदी?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थरूर शीर्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उनका चुनावी प्रतिद्वंद्वी कौन होगा, क्योंकि राजस्थान के घटनाक्रम से अशोक गहलोत की उम्मीदवारी पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं।

30 सितंबर तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया

पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच की तिथि 1 अक्टूबर है, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है।

17 अक्टूब को होगा चुनाव

उम्मीदवारों की अंतिम सूची 8 अक्टूबर को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो मतदान 17 अक्टूबर को होगा। मतों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि मतदान करेंगे।

ये भी पढ़ें: क्‍या अध्‍यक्ष पद की दौड़ से बाहर किए जाएंगे अशोक गहलोत..? कांग्रेस कमेटी ने आलाकमान से की यह अपील

ये भी पढ़ें: अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल 'अशोक गहलोत' पर खड़े हुए सवालिया निशान, अब पार्टी इन नामों पर कर सकती है चर्चा

chat bot
आपका साथी