कलेक्टर ने फोन रिसीव नहीं किया, दिग्विजय हुए नाराज, मुख्यमंत्री से की शिकायत

किसानों की समस्याओं को जानने के लिए सीहोर और नसरल्लागंज का दौरा किया था। इसकी आधिकारिक सूचना जिला प्रशासन को दी गई थी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 13 Jun 2020 08:27 PM (IST) Updated:Sat, 13 Jun 2020 08:27 PM (IST)
कलेक्टर ने फोन रिसीव नहीं किया, दिग्विजय हुए नाराज, मुख्यमंत्री से की शिकायत
कलेक्टर ने फोन रिसीव नहीं किया, दिग्विजय हुए नाराज, मुख्यमंत्री से की शिकायत

सीहोर, स्टेट ब्यूरो। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सीहोर कलेक्टर अजय गुप्ता से खासे नाराज हैं। नाराजी की वजह कलेक्टर या अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका फोन रिसीव नहीं करना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर शिकायत की है, जिसमें उन्होंने कलेक्टर के व्यवहार को अशिष्ट बताया है और कहा है कि यह गंभीर अनुशासनहीनता है। इसके लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

दिग्विजय किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर से बात करना चाहते थे

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि मैंने पांच जून को किसानों की समस्याओं को जानने के लिए सीहोर और नसरल्लागंज का दौरा किया था। इसकी आधिकारिक सूचना जिला प्रशासन को दी गई थी। कार्यक्रम के प्राप्त होने की पुष्टि भी जिला प्रशासन ने की थी, लेकिन किसी भी अधिकारी ने मुझसे संपर्क नहीं किया। मैं किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर गुप्ता से बात करना चाहता था।

कई बार फोन किया, लेकिन कलेक्टर ने फोन नहीं उठाया

मैंने और मेरे स्टॉफ ने उन्हें कई बार फोन लगाए, उनके स्टेनो को सूचना दी। कलेक्टर के घर भी कई बार फोन लगाए। एसडीएम, तहसीलदार ने भी बात करने का प्रयास किया, लेकिन, किसी ने फोन नहीं उठाया। कलेक्टर, एडीएम और एसडीएम ने आज तक संपर्क करने का प्रयास नहीं किया।

दिग्विजय सिंह ने संभाग आयुक्त को कलेक्टर के रवैये से अवगत कराया

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि दिग्विजय सिंह ने इस संबंध में संभाग आयुक्त कविन्द्र कियावत को भी फोन पर कलेक्टर के रवैये से अवगत कराया था।

chat bot
आपका साथी