प्रियंका गांधी के निमंत्रण के जवाब में बलूनी का निमंत्रण, बोले- व्‍यंजन में होंगे मडुवे की रोटी और झंगोरे की खीर

वर्षों से दिल्ली का 35 लोधी एस्टेट प्रियंका का आशियाना रहा है। एसपीजी सुरक्षा जाने के बाद अब उन्हें बंगला खाली करना है। राज्यसभा सांसद बलूनी को यह बंगला मिल चुका है।

By Tilak RajEdited By: Publish:Mon, 27 Jul 2020 09:05 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jul 2020 09:09 PM (IST)
प्रियंका गांधी के निमंत्रण के जवाब में बलूनी का निमंत्रण, बोले- व्‍यंजन में होंगे मडुवे की रोटी और झंगोरे की खीर
प्रियंका गांधी के निमंत्रण के जवाब में बलूनी का निमंत्रण, बोले- व्‍यंजन में होंगे मडुवे की रोटी और झंगोरे की खीर

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चाय के आमंत्रण के जवाब में भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने मडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर समेत पूरे पहाड़ी व्यंजन के खाने का निमंत्रण भेज दिया है। बलूनी ने चाय के आमंत्रण के जवाब में अपनी अस्वस्थता का हवाला देते हुए आने में परेशानी जताई, तो प्रियंका ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

वर्षों से दिल्ली का 35 लोधी एस्टेट प्रियंका का आशियाना रहा है। एसपीजी सुरक्षा जाने के बाद अब उन्हें बंगला खाली करना है। राज्यसभा सांसद बलूनी को यह बंगला मिल चुका है। ऐसे में प्रियंका ने कल उन्हें पत्र भेजकर पत्नी के साथ चाय पर आमंत्रित किया था। जवाब में बलूनी ने आमंत्रण के धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कैंसर के इलाज से लौटने के बाद उन्हें कुछ दिन क्वारंटीन में रहने को कहा गया है। ऐसे में वह आने में असमर्थ हैं।

हां, अनिल बलूनी ने यह जरूर कहा कि वह लोधी एस्टेट में प्रवेश करेंगे, तो प्रियंका को सपरिवार खाने पर आमंत्रित करेंगे। खाने की व्यंजन भी बताया- मडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, पहाड़ी रायता, भट्ट की चुठकनी। तत्काल प्रियंका की और से ट्वीट हुआ, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य की कामना करते हुए नए घर की शुभकामनाएं की और आशा जताई कि इस घर में उन्हें उतनी ही खुशियां मिलेंगी, जितनी प्रियंका और उनके परिवार को मिली।

प्रियंका गांधी परिवार सहित यहां हो रहीं शिफ्ट

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी परिवार के साथ गोल्फकोर्स रोड डीएलएफ फेज-5 स्थित अरालियाज पॉश सोसायटी के अपने पेंटहाउस में शिफ्ट हो रही हैं। गुरुग्राम पुलिस ने इस परिसर के आसपास सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक पुलिस दल भी तैनात किया है। टावर 11 के नीचे उनकी सिक्योरिटी की लगभग 6 गाडिय़ा जिनमें इनोवा, स्कोर्पियो खड़ी थी और लगभग 20-22 सुरक्षाकर्मी सादे कपड़ों में तैनात हैं। इनमें महिला सुरक्षाकर्मी भी पूरी मुस्तैदी के साथ टावर के नीचे खड़ी हैं। इसके बाद टावर के लॉबी एरिया और फिर फ्लैट के बाहर भी सुरक्षाकर्मी तैनात है।

chat bot
आपका साथी