देश की जनता कांग्रेस से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है: अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी हमसे 4 साल का हिसाब मांग रहे हैं लेकिन देश की जनता कांग्रेस से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है।

By Arti YadavEdited By: Publish:Sun, 10 Jun 2018 09:16 AM (IST) Updated:Sun, 10 Jun 2018 03:06 PM (IST)
देश की जनता कांग्रेस से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है: अमित शाह
देश की जनता कांग्रेस से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है: अमित शाह

रायपुर (नईदुनिया)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान शाह का शाही स्वागत किया गया। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा आपको हिसाब देने की जरूरत नहीं, जब मत लेने जाएंगे तब हिसाब देंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमसे 4 साल का हिसाब मांग रहे हैं लेकिन देश की जनता कांग्रेस से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है।

विकास यात्रा के दौरान सरगुजा में जनसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हम तीन बार विजय प्राप्त कर चुके हैं। इस बार विजय ऐसी प्राप्त करनी है की छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को मूल समेत उखाड़ फेंक देना है। भाजपा अध्यक्ष ने रमन सिंह सरकार की तारीफ करते हुए कहा, 'डॉ रमन सिंह जी की सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी ऐसा कार्य नहीं किया है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं का सर झुक जाए। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने रमन सिंह जी के नेतृत्व में राज्य में तेज गति से विकास करने का काम किया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में फिर से रमन सिंह की ही सरकार बनेगी।

अमित शाह ने आगे कहा कि चुनावों में भाजपा को इतनी प्रचंड विजय मिलेगी, जिसे देख कर हमारे विरोधी दल की छाती बैठ जाएगी। ऐसे प्रचंड विजय छत्तीसगढ़ वासियों को देनी है। जन-धन खाते खोलना हो, गरीब माताओं को फ्री गैस कनेक्शन देना हो, घर-घर में शौचालय बनाना हो या फिर गांव-गांव बिजली पहुंचाना हो, मोदी सरकार ने पिछले 4 साल में गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का काम किया है। मैं बहुत समय से राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहा हूं। राज्य स्तर पर भी किया और राष्ट्रीय स्तर पर भी किया, मगर भाजपा के अलावा कोई पार्टी में इतना दम-खम नहीं है की चुनाव आने से पहले ही अपना हिसाब देने के लिए जनता के सामने जाए। जिस कांग्रेस पार्टी ने दशकों तक सत्ता का सुख भोगने के अलावा कुछ काम नहीं किया वो आज भाजपा से हिसाब मांग रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, 'राहुल गांधी पूछते हैं कि मोदी जी ने 4 सालों में क्या किया। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि हम उनके प्रति जवाबदेह नहीं हैं। जनता ने हमें सत्ता में रहने का अधिकार दिया है। आप हमसे पिछले 4 सालों के बारे में पूछ रहे हो, जनता आपसे पिछली 4 पीढ़ियों के बारे में पूछ रही है।'

छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस विकास यात्रा का विरोध कर रही है। मैं सुरगुजा के लोगों से पूछना चाहूंगा, क्या कांग्रेस ने कभी आपको 1 रुपया प्रति किलो के दाम पर चावल उपलब्ध कराया? क्या उसने आपके लिए स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया?'

शाह यहां भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों, कोर ग्रुप एवं मंत्रियों-विधायकों की बैठक भी लेंगे और मिशन 65 प्लस का खाका तैयार करेंगे। शाह 11 जून को सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

14 जून को छत्तीसगढ़ जाएंगे पीएम मोदी

भाजपा की चुनावी तैयारी को और आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 जून को भिलाई जाएंगे। वे भिलाई स्टील प्लांट के एक्सपांशन का शुभारंभ करेंगे। मोदी कार से भिलाई स्टील प्लांट देखेंगे और एक्सपांशन यूनिट का भी जायजा लेंगे।

यहां एक घंटे रहने के बाद मोदी आईआईटी के नए भवन की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री रिमोट से जगदलपुर-रायपुर के बीच विमान सेवा का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही विकास यात्रा के पहले चरण का समापन भी होगा। महीने भर में मोदी का छत्तीसगढ़ में यह दूसरा दौरा होगा।

chat bot
आपका साथी