बजट सत्र का लेखाजोखा: संसद में बना काम न करने का रिकॉर्ड, हुए सिर्फ दो बिल पास

एक रिपोर्ट के मुताबिक 29 जनवरी से 9 फरवरी और 5 मार्च से 6 अप्रैल तक दो चरणों में चले बजट सत्र में कुल मिलाकर करीब 2 सौ करोड़ रुपये खर्च हुए।

By Digpal SinghEdited By: Publish:Fri, 06 Apr 2018 04:01 PM (IST) Updated:Sat, 07 Apr 2018 02:03 PM (IST)
बजट सत्र का लेखाजोखा: संसद में बना काम न करने का रिकॉर्ड, हुए सिर्फ दो बिल पास
बजट सत्र का लेखाजोखा: संसद में बना काम न करने का रिकॉर्ड, हुए सिर्फ दो बिल पास

नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। साल 2018-19 में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 24 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। जाहिर है इतना बड़ा बजट है तो इस पर बहस भी होनी चाहिए। देश की जनता के मन में जो सवाल उठते हैं उनके उत्तर उन्हें मिलना चाहिए। इसी काम के लिए देश की जनता अपने प्रतिनिधि चुनकर संसद में भेजती है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जनता के नुमाइंदे इन सांसदों ने इतने बड़े बजट पर एक दिन से भी कम बहस की। बाकी का वक्त शोर-शराबे में यूं ही बर्बाद हो गया। काम के घंटों के लिहाज से संभवत: यह सत्र संसद के सबसे खराब सत्रों में से एक रहा। आइए पड़ताल करते हैं।

190 करोड़ से ज्यादा हुए खर्च
एक रिपोर्ट के मुताबिक 29 जनवरी से 9 फरवरी और 5 मार्च से 6 अप्रैल तक दो चरणों में चले बजट सत्र में कुल मिलाकर 190 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए। यह खर्च हम और आप जैसे करदाताओं की जेब से आता है। लेकिन पिछल कुछ दिनों से सदन की कार्यवाही को अगर आप देख रहे हैं तो आप समझ गए होंगे कि कैसे संसद में हमारे पैसे की बर्बादी हो रही है। संसद में सिर्फ हंगामे के अलावा कुछ हो ही नहीं रहा है।

लोकसभा में कितनी बर्बादी
29 बैठकों में कुल 34 घंटे पांच मिनट कार्यवाही हुई।
127 घंटे 45 मिनट कुल मिलाकर हंगामे और जबर्दस्ती कार्यवाही में खत्म हुए।
9 घंटे 47 मिनट में सरकार में अर्जेट कामकाज निपटाए जा सके।
580 तारांकित सवाल पूछे गए थे, लेकिन सिर्फ 17 के मौखिक जवाब दिए गए।
0.58 सवाल (आधे से कुछ ज्यादा) का ही हर रोज जवाब दिया जा सका।
6670 अतारांकित सवालों और शेष तारांकित सवालों के जवाब पटल पर रखे।

इस सत्र में कितने घंटे हुआ काम
शुक्रवार 6 अप्रैल को संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण भी खत्म हो गया। इसी के साथ आप यह भी जानना चाहेंगे कि इस सत्र में कितने घंटे काम हुआ और बजट पर कितने घंटे चर्चा या बहस हुई। तो आपको यह जानकार निराशा होगी कि लोकसभा में 14.1 घंटे और राज्यसभा में मात्र 11.2 घंटे ही बजट पर चर्चा हुई। यह जानकारी हम आपको पीआरएस लेजिस्लेटिव के डाटा के अनुसार दे रहे हैं। दुखद यह भी है कि काम के घंटों के लिहाज से साल 2000 से अब तक यह सबसे खराब बजट सत्र रहा। एक आंकड़ा यह भी है कि इस बजट सत्र में लोकसभा में सिर्फ 33.6 घंटे और राज्यसभा कुल 53.2 घंटे काम हुआ।

क्या है रिकॉर्ड
पिछले कुछ सालों के बजट सत्रों से तुलना की जाए तो आम तौर पर बजट सत्र में बजट पर चर्चा के लिए निर्धारित घंटों के करीब 20 फीसद या 33 घंटे बहस होती है। बजट सत्र में बजट पर चर्चा के अलावा भी कई अन्य मुद्दे होते हैं। इस तरह से साल 2018 के बजट सत्र में कुल 21 फीसद (लोकसभा) और 31 फीसद (राज्यसभा) में काम हुआ। अगर आप सोच रहे हैं कि यह सबसे खराब सत्र था तो ठहरिए। इससे भी खराब सत्र गुजर चुके हैं और पीआरएस लेजिस्लेटिव के आंकड़ों के मुताबिक यह चौथा सबसे खराब सत्र था। आंकड़ों के मुताबिक 2010 का शीतकालीन सत्र प्रोडक्टिविटी के लिहाज से सबसे खराब सत्र रहा था। इसके बाद 2013 और 2016 के संसद सत्रों का नंबर आता है।

पिछले सालों में बजट पर हुई कितने घंटे बहस

छह मिनट में पास हो गया बिल
2018 के बजट सत्र में दो नए बिल सदन के पटल पर रखे गए। यह दोनों ही बिल लोकसभा में आए। 12 मार्च को 'द चिट फंड्स (अमेंडमेंट) बिल 2018' लोकसभा में पेश हुआ और इसी दिन 'द फ्यूजेटिव इकोनॉमिक ऑफेंडर्स बिल 2018' भी पेश हुआ। इससे भी रोचक बात यह है कि 15 मार्च को 'द पेमेंट ऑफ ग्रैच्यूटी (अमेंडमेंट) बिल 2017' लोकसभा में सिर्फ 6 मिनट के अंदर पास हो गया। इसके अलावा इसी दिन 'द स्पेसिफिक रिलीफ (अमेंडमेंट) बिल 2017' को भी लोकसभा ने महज 8 मिनट के अंदर पास कर दिया।

लोकसभा में 26 प्रश्नों के उत्तर मिले
बजट सत्र के दोनों चरणों में कुल मिलाकर लोकसभा में 26 प्रश्नों के उत्तर मंत्रियों ने दिए। राज्यसभा में भी 6 प्रश्नों के उत्तर माननीय मंत्रियों से मिले। पूरे बजट सत्र में लोकसभा की कार्यवाही में 3.1 घंटे प्रश्नकाल चला, जबकि राज्यसभा में 2 घंटे प्रश्नकाल को समर्पित रहे।

राज्य सभा का तीन चौथाई वक्त हंगामे में जाया
30 बैठकें हुईं दूसरे चरण में।
44 घंटे ही कार्यवाही चल सकी।
121 घंटे का वक्त बर्बाद हुआ।
27 दिन तक सदन में प्रश्नकाल नहीं हो सका।

बेहद खराब रहा बजट सत्र का दूसरा चरण
संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बजट सत्र के पहले चरण में लोकसभा में 134 फीसद और राज्यसभा में 96 फीसद प्रोडक्टिविटी रही। वहीं दूसरे चरण में लोकसभा की प्रोडक्टिविटी घटकर सिर्फ 4 फीसद और राज्यसभा की 8 फीसद पर आ गई।

दोनों चरणों में इस तरह से हुआ काम
लोकसभा में 1 फरवरी को जिस दिन बजट पेश हुआ उस दिन 1.87 घंटे काम हुआ। इसके बाद 7 फरवरी को 5.8 घंटे और 8 फरवरी को 6.22 घंटे बजट का काम हुआ। इसके बाद बजट सत्र के दूसरे चरण में सिर्फ एक दिन यानी 14 मार्च को सिर्फ 0.52 घंटे काम हुआ। इसी तरह राज्यसभा में 8 फरवरी को 5.48 घंटे बजट पर कामकाज हुआ और 9 फरवरी को 5.42 घंटे बजट को लेकर चर्चा हुई। सत्र के दूसरे चरण में बजट को लेकर कोई काम नहीं हुआ। इनके अलावा दोनों की सदनों में दोनों चरण में प्रश्नकाल, विधायी कार्य, गैर विधायी कार्य और अन्य कार्य हुए।

chat bot
आपका साथी