भ्रष्टाचार के दो और मामलों में अदालत में पेश हुए शरीफ

13 जुलाई को जेल भेजे जाने के बाद 68 वर्षीय शरीफ सोमवार को पहली बार जवाबदेही अदालत में पेश हुए।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Mon, 13 Aug 2018 06:50 PM (IST) Updated:Mon, 13 Aug 2018 06:50 PM (IST)
भ्रष्टाचार के दो और मामलों में अदालत में पेश हुए शरीफ
भ्रष्टाचार के दो और मामलों में अदालत में पेश हुए शरीफ

इस्लामाबाद, प्रेट्र। जेल की सजा काट रहे पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सोमवार को भ्रष्टाचार के दो अन्य मामलों की सुनवाई के लिए जवाबदेही अदालत में पेश हुए। हालांकि, अदालत परिसर के बाहर गोलीबारी के चलते पत्रकारों द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने के बाद सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी गई।

13 जुलाई को जेल भेजे जाने के बाद 68 वर्षीय शरीफ सोमवार को पहली बार जवाबदेही अदालत में पेश हुए। उन पर अल-अजीजिया स्टील मिल और हिल मेटल एस्टैब्लिशमेंट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों में मुकदमा चलाया जा रहा है। वे जैसे ही अदालत में पेश हुए बाहर गोली चलने की आवाज आई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दंगा निरोधी बल के एक जवान ने गोली चलाई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।

शरीफ पहले से ही लंदन में लग्जरी फ्लैट मामले में 10 साल जेल की सजा काट रहे हैं। इसी मामले में उनकी बेटी बेटी मरयम को सात साल और दामाद मुहम्मद सफदर को एक साल जेल की सजा सुनाई गई है। जवाबदेही अदालत ने छह जुलाई को इस मामले में फैसला सुनाया था। इस समय शरीफ अपनी बेटी और दामाद के साथ रावलपिंडी के अदियाला जेल में कैद हैं।

chat bot
आपका साथी