भीषण गर्मी से झुलस रहा पाकिस्तान; यहां झूमकर आएंगे बदरा, तरबतर होगा हिंदुस्तान

भारत की सीमा से लगे पाकिस्तान के जकोकाबाद में गर्मी चरम पर है। यहां के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो जकोकाबाद में जब ज्यादा गर्मी पड़ती है तो भारत में अच्छी बारिश की संभावना रहती है

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sun, 02 Jun 2019 07:39 PM (IST) Updated:Sun, 02 Jun 2019 07:39 PM (IST)
भीषण गर्मी से झुलस रहा पाकिस्तान; यहां झूमकर आएंगे बदरा, तरबतर होगा हिंदुस्तान
भीषण गर्मी से झुलस रहा पाकिस्तान; यहां झूमकर आएंगे बदरा, तरबतर होगा हिंदुस्तान

भोपाल, जेएनएन। पड़ोसी देश पाकिस्तान से भारत के रिश्ते हमेशा से तल्खी भरे रहे हैं, लेकिन वर्तमान में मौसम की बात करें तो भारत की सीमा से लगे पाकिस्तान के क्षेत्र जकोकाबाद में गर्मी चरम पर है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एसके डे के मुताबिक, हिंदुस्तान में बेहतर मानसून के लिए जिन पैरामीटर्स (मापदंडों) को देखा जाता है, उनमें से एक जकोकाबाद का तापमान भी है।

दरअसल, जकोकाबाद में हीट लो (बेहद गर्म कम दबाव का क्षेत्र) बनता है। जो भारत में प्रवेश करने से पहले मानसून को जबरदस्त ऊर्जा से भर देता है। इससे हिंदुस्तान में अच्छी बरसात की संभावना बढ़ जाती है। राजस्थान से लगी पाकिस्तान के जकोकाबाद वर्तमान में भट्टी की तरह तप रहा है। विशेषकर नौतपा में वहां तापमान चरम पर है।

मौसम विज्ञानी डे ने बताया कि भारत में मानसून की भविष्यवाणी के लिए करीब 36 पैरामीटर्स देखे जाते हैं। इनमें से एक जकोकाबाद में मानसून से पहले पड़ने वाली गर्मी भी शामिल है। जकोकाबाद और उसके आसपास मानसून के ठीक पहले हीट लो बनता है। इससे गर्म हवा तेजी से ऊपर की तरफ उठती है। यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी को तेजी से खींचता है। इससे भारत की तरफ बढ़ने पर मानसून को जबरदस्त ऊर्जा मिलती है। इस बार जकोकाबाद में आशानुकूल गर्मी पड़ रही है। इससे बेहतर मानसून की संभावना बन रही है।

गौरतलब है कि भारत के मौसम विभाग ने इसके बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के छह-सात जून को केरल में दस्तक देने के आसार जताए हैं। वहीं, रविवार को ही विशाखापत्तनम के मदुगुला मंडल में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी