गम के सैलाब में कब बहेगी बुरी नीयत ?

दिल्ली में गैंगरेप पीड़ित की मौत के बाद पूरा देश गुस्से में उबल रहा है। महिलाओं से दुष्कर्म व छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़े कानून बनाए जाने की कवायद चल रही है। गम का सैलाब उमड़ आया है। बदलाव की बयार के लिए आधी आबादी संघर्ष कर रही है।

By Edited By: Publish:Tue, 01 Jan 2013 11:28 AM (IST) Updated:Tue, 01 Jan 2013 11:53 AM (IST)
गम के सैलाब में कब बहेगी बुरी नीयत ?

नई दिल्ली। दिल्ली में गैंगरेप पीड़ित की मौत के बाद पूरा देश गुस्से में उबल रहा है। महिलाओं से दुष्कर्म व छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़े कानून बनाए जाने की कवायद चल रही है। गम का सैलाब उमड़ आया है। बदलाव की बयार के लिए आधी आबादी संघर्ष कर रही है। इज्जत के साथ जीने की जिद ने व्यवस्था को झकझोर दिया है। आम हो या खास सबकी आत्मा को दहलाने वाली इस मौत का असर पता नहीं हैवानों की नीयत पर क्यों नहीं होता। आखिरकार हम क्यों नहीं बदलते? हम कब सुधरेंगे?

चाचा-बाबा ने किया बलात्कार

उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र के गांव सरवारा में दो अधेड़ ने 13 साल की अपनी भतीजी को ही अपने हवस का शिकार बनाया। बच्ची गांव के प्राइमरी स्कूल में चार में पढ़ती है। पुलिस ने जहां आरोपियों में से एक कल्लू को पकड़ लिया है, वहीं दूसरा आरोपी विंध्याचरण अभी तक फरार है। किशोरी के पिता द्वारा दुष्कर्म की तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।

खाकी ने किया शर्मसार

झांसी। सोमवार को एक सिपाही की घिनौनी हरकत ने खाकी को शर्मसार कर दिया। सिपाही ने नाबालिग बालिका को घर में अकेली पाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस घटना से गुस्साए लोगों ने कोतवाली व पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर नारेबाजी भी की। बाद में एसएसपी ने सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपी को निलंबित करने का आदेश दिया।

रेल में कोच अटेंडेंट ने ही कर दी छेड़खानी

धनबाद। कोलकाता से जम्मू जा रही 13151 अप जम्मूतवी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-टू में सफर कर रही एक महिला से कोच अटेंडेंट द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है।

कैंटिन ब्वाय ने महिला डॉक्टरों से की छेड़छाड

नई दिल्ली। राजधानी में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। नया मामला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास उत्तर रेलवे के सेंट्रल अस्पताल का है। आरोप है कि अस्पताल की कैंटीन में सोमवार सुबह कैंटीन ब्वॉय ने दो महिला डॉक्टरों के साथ छेड़छाड़ की। इससे गुस्साए डॉक्टरों ने कैंटीन में तोड़फोड़ की।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी