Saradha Chit Fund Case: राह देखती रह गई CBI, नहीं हाजिर हुए राजीव कुमार

CBI ने पार्क स्ट्रीट स्थित Rajiv Kumar के सरकारी आवास पर जाकर नोटिस चस्पा कर दिया था। शनिवार को सुबह 10 बजे से ही Rajiv Kumar की प्रतीक्षा में CBI बैठी रही।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sat, 14 Sep 2019 10:19 PM (IST) Updated:Sat, 14 Sep 2019 10:22 PM (IST)
Saradha Chit Fund Case: राह देखती रह गई CBI, नहीं हाजिर हुए राजीव कुमार
Saradha Chit Fund Case: राह देखती रह गई CBI, नहीं हाजिर हुए राजीव कुमार

कोलकाता, जेएनएन। नोटिस के बाद भी कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त और वर्तमान एडीजी (CID) राजीव कुमार पूछताछ के लिए सीबीआइ दफ्तर में हाजिर नहीं हुए। सीबीआइ के संयुक्त निदेशक के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम करीब पांच घंटे तक उनका इंतजार किया। वहीं, राजीव कुमार ने सीबीआइ को ई-मेल भेजकर एक माह का समय मांगा है।

गत शुक्रवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ने सारधा चिटफंड मामले में राजीव कुमार की गिरफ्तारी से रोक हटा दी थी। उसी दिन शाम करीब पांच बजे सीबीआइ ने पार्क स्ट्रीट स्थित उनके सरकारी आवास पर जाकर नोटिस चस्पा कर दिया था। इसमें शनिवार सुबह 10 बजे सीजीओ कांप्लेक्स स्थित सीबीआइ कार्यालय में उन्हें हाजिर होने का निर्देश दिया गया था।

इंतजार में बैठी रही सीबीआइ
सीबीआइ की टीम शनिवार सुबह 10 बजे से ही राजीव कुमार की प्रतीक्षा में बैठी रही। करीब पांच घंटे बाद भी उनके नहीं पहुंचने पर दोपहर तीन बजे के बाद सीबीआइ के संयुक्त निदेशक पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में सारधा के मुख्य जांच अधिकारी तथागत ब‌र्द्धन, पार्थ मुखर्जी समेत पांच सदस्यीय टीम CGO कांप्लेक्स से रवाना हो गई। टीम बालीगंज के बुंदेल ब्रिज इलाके में स्थित अपने वरिष्ठ अधिवक्ता वाइजे दस्तूर के घर पहुंची और उनसे आगे की कार्रवाई को लेकर सलाह-मशविरा किया।

पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवक्ता से कानूनी सलाह ली गई है। कागजात मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों की मानें तो सीबीआइ राजीव को दूसरा नोटिस थमा सकती है। इस बीच, राजीव कुमार ने सीबीआइ को ईमेल भेजकर एक माह का समय मांगा है। मेल में हवाला दिया गया कि छुट्टी पर होने की वजह से वे हाजिर नहीं हो पा रहे हैं।

भागकर भी बच नहीं पाएंगे राजीव कुमार : दिलीप
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि राजीव कुमार चाहे जितना भी भाग लें, लेकिन बच नहीं पाएंगे। चिदंबरम भी ऐसे ही भाग रहे थे। शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में पहुंचे घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई किसी का कितना भी करीबी क्यों न हो, उसे अपनी गलती की सजा भुगतनी ही पड़ती है। अगर राजीव कुमार सोचते हैं कि मुख्यमंत्री उन्हें बचा लेंगी तो यह उनकी गलतफहमी है।

इसे भी पढ़ें: कांगो में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सोलंकी की मौत, साथी को बचाने में गई जान

इसे भी पढ़ें: आयकर आयुक्त नीरज सिंह के छह ठिकानों पर ED के छापेमारी, मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज

chat bot
आपका साथी