उप्र: दुधवा टाइगर रिजर्व में बढ़ रहा बाघ का कुनबा

दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघों की संख्या बढ़ रही है। इसकी पुष्टि बाघों की गणना के लिए लगाए गए कैमरों में कैद फोटो को देखकर की गई है। फोटो में एक बाघिन तीन शावकों संग जंगल में घूमते देखी गई है।

By Sanjay BhardwajEdited By: Publish:Sat, 23 May 2015 11:14 AM (IST) Updated:Sat, 23 May 2015 11:23 AM (IST)
उप्र: दुधवा टाइगर रिजर्व में बढ़ रहा बाघ का कुनबा

लखीमपुर [पूर्णेश वर्मा]। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघों की संख्या बढ़ रही है। इसकी पुष्टि बाघों की गणना के लिए लगाए गए कैमरों में कैद फोटो को देखकर की गई है। फोटो में एक बाघिन तीन शावकों संग जंगल में घूमते देखी गई है।

दक्षिण खीरी वन प्रभाग की मैलानी व भीरा रेंज के जंगल दुधवा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र से सटे होने के कारण इसके बफर जोन में आते हैं। यहां समय-समय पर बाघों की गणना कराई जाती है। इस बार मैलानी व भीरा वन रेंज में बाघों की गणना के लिए 16 अप्रैल को 45 कैमरे लगाए गए थे। ये कैमरे 16 मई तक लगे रहे। इसमें मैलानी रेंज की जटपुरा बीट में लगे एक कैमरे में 22 अप्रैल की रात 11.42 बजे एक ऐसी तस्वीर कैद हुई, जिसे देखकर वन विभाग के लोग खासे उत्साहित हैं। इस तस्वीर में एक बाघिन तीन शावकों संग जंगल में विचरण कर रही है।

दक्षिण खीरी वन प्रभाग के डीएफओ नीरज कुमार ने बताया कि तस्वीरों का अध्ययन किया जा रहा है। फिलहाल यह कार्य पूरा होने के बाद ही मैलानी व भीरा रेंज में बाघों की संख्या का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि मैलानी व भीरा रेंज दुधवा से सटी होने के कारण यहां से वहां तक बाघों का विचरण होता रहता है।

यह जरूर है कि दो साल पहले हुई गणना में बफर जोन में छह ऐसे बाघ चिन्हित किए गए थे, जो दुधवा में नहीं देखे गए। डीएफओ ने बताया कि कैमरे में जो शावक दिखे हैं उनकी उम्र छह माह के लगभग है और अभी तक जो तथ्य विभाग के पास हैं उनके अनुसार यह बाघिन और शावक अन्य कहीं नहीं देखे गए।

पढ़ें : देश में बाघों की संख्या में 30 फीसद का इजाफा

पढ़ें : अपनी सल्तनत से बेदखल 'उस्ताद टी-24' अभी दूसरे कुनबे में ही रहेगा

chat bot
आपका साथी