अब घर बैठे कीजिये गांधी आश्रमों का भ्रमण

अब घर बैठे महात्मा गांधी के आश्रमों का भ्रमण करना संभव हो सकेगा। इसके लिए विशेष ऑनलाइन तैयारी की जा रही है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Sun, 02 Oct 2016 01:15 AM (IST) Updated:Sun, 02 Oct 2016 04:28 AM (IST)
अब घर बैठे कीजिये गांधी आश्रमों का भ्रमण

अहमदाबाद[ शत्रुघ्न शर्मा]। अब घर बैठे महात्मा गांधी के आश्रमों का भ्रमण करना संभव हो सकेगा। इसके लिए विशेष ऑनलाइन तैयारी की जा रही है। यूनेस्को की तर्ज पर आश्रमों की लेजर पॉइन्ट 3डी स्कैनिंग भी होगी जिससे आश्रम के क्षतिग्रस्त होने पर उसे ठीक वैसा ही दोबारा बनाया जा सकेगा। साबरमती गांधी आश्रम में चार साल से गांधी हेरिटेज पोर्टल पर काम चल रहा है।

इसके तहत अब तक गांधी जी पर प्रमाणिक पुस्तकें, नवजीवन, यंग इंडिया, हरिजन बंधु जैसे छह जर्नल के 24 हजार पेज अपलोड हो चुके हैं। उनकी आत्मकथा "सत्य के साथ मेरे प्रयोग" के हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, गुजराती सहित 12 भाषाओं में नौ लाख, 66 हजार, 52 पेज उपलब्ध कराए गए हैं। 1956 से 1996 तक कराए गए शोध कार्य "द कलेक्टेड वर्क्स ऑफ महात्मा गांधी" से तैयार किए गए 100 वॉल्यूम भी गांधी हेरिटेज पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इनके पेज हिन्दी, अंग्रेजी व गुजराती भाषा में रुपांतरित भी किए जा सकते हैं।

गांधी जी के जन्म से लेकर निधन तक की यह सबसे प्रमाणिक सामग्री है। पोर्टल आइटी टीम के हैड विराट कोठारी बताते हैं कि पोर्टल पर हर माह आठ से 10 हजार पेज अपलोड होते हैं। फोटो, ऑडियो, वीडियो आदि भी होते हैं। सितंबर, 2013 से अब तक दो लाख लोग इस पर विजिट कर चुके हैं। इनमें भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा सहित 190 देशों के विजिटर भी शामिल हैं।

पढ़ेंः गांधी जयंती विशेष: क्या हुआ जब गांधी जी ने पहली बार खाया 'नॉनवेज' ?

दक्षिण अफ्रीका सरकार वहां प्रकाशित जर्नल उपलब्ध करा रही है। आश्रम निदेशक व पोर्टल की कंटेंट टीम के संपादक त्रिदीप सुह्रद के मार्गदर्शन में अब गांधी आश्रम, कोचरब आश्रम, साबरमती जेल, विद्यापीठ, मणिभवन आदि 11 संस्थाओं को वर्च्युअल टूर वॉक थ्रू के लिए तैयार किया जा रहा है। साथ ही गांधी आश्रम, कोचरब, वर्धा आश्रम व बापू कुटीर का आर्किटेक्चरल डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए इनकी लेजर पॉइन्ट 3डी स्कैनिंग कराई जा रही है ताकि क्षतिग्रस्त होने पर इनका हूबहू निर्माण कराया जा सके। 3डी स्कैन में आश्रम की दीवार की दरार तक का भी साइज दर्ज होगा।
गांधी हेरिटेज पोर्टल की सामग्री
-गांधी जी पर पुस्तकें- 8000
-फोटो 850
-वीडियो 45
- काटॅ्‌ून 112
-गांधी जी के भाषण- 160
-उन पर छपे स्टांप - 600

पढ़ेंः मुझे नहीं लगता कि मैं महात्मा हूंः महात्मा गांधी

chat bot
आपका साथी