मुलायम ने उपचुनाव को बताया अग्नि परीक्षा

समाजवादी पार्टी के लिए 11 विधानसभा और लोकसभा की एक सीट का उपचुनाव 'अग्निपरीक्षा' सरीखा होगा। मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने प्रत्याशियों, प्रभारी मंत्रियों व संगठन के पदाधिकारियों के साथ परिस्थितियों पर मंथन कर जीत के गुर बांटे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में खोई प्रतिष्ठा को उपचुनाव में जीत से वापस हासिल करें।

By Edited By: Publish:Wed, 20 Aug 2014 08:54 AM (IST) Updated:Wed, 20 Aug 2014 08:54 AM (IST)
मुलायम ने उपचुनाव को बताया अग्नि परीक्षा

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के लिए 11 विधानसभा और लोकसभा की एक सीट का उपचुनाव 'अग्निपरीक्षा' सरीखा होगा। मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने प्रत्याशियों, प्रभारी मंत्रियों व संगठन के पदाधिकारियों के साथ परिस्थितियों पर मंथन कर जीत के गुर बांटे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में खोई प्रतिष्ठा को उपचुनाव में जीत से वापस हासिल करें।

बुधवार से शुरू हो रही उपचुनाव की प्रक्रिया से पहले सपा मुखिया ने सभी प्रत्याशियों, प्रभारी मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों को लखनऊ तलब कर उनसे चुनाव की तैयारियों का ब्योरा लिया। जाना कि प्रभारी मंत्रियों ने 15 दिनों में क्या-क्या किया। बूथ प्रबंधन किस तरह का है। उन्होंने मंत्रियों को क्षेत्र नहीं छोड़ने की हिदायत दी। सूत्रों का कहना है कि सपा मुखिया ने कहा कि प्रत्याशियों के साथ तालमेल बनाए रखा जाए। मुलायम ने जोर देकर कहा कि यह चुनाव अग्नि परीक्षा जैसा है। इसमें लोकसभा चुनाव की गलतियां नहीं दोहरायी जाएं। सूत्रों का कहना है कि ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में अंदरूनी उठापटक पर मुलायम ने खासी नाराजगी जतायी और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश दिया।

मुलायम सिंह ने एक बार में एक विधानसभा के प्रत्याशी, वहां के प्रभारी मंत्री और संगठन के लोगों को साथ बैठाकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

उपचुनाव देख सपा ने ब्राह्माणों पर डाले डोरे

समाजवादी पार्टी ने ब्राह्मणों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी फिर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज पांडेय पर डाली है। पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को उन्हें समाजवादी प्रबुद्ध सभा का अध्यक्ष नियुक्त करते हुए जल्द प्रदेश व जिला इकाइयों का गठन करने को कहा। सपा के इस कदम को उपचुनाव में ब्राह्मण मतदाताओं को पाले में लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद सपा ने अपने सभी प्रकोष्ठ भंग कर दिए थे। प्रबुद्ध सभा के अध्यक्ष मनोज पांडेय भी हटाए गए थे और उनसे कृषि मंत्रालय जैसा अहम विभाग लेकर कम महत्व वाला मंत्रालय दिया गया। एक और ब्राह्मण राज्यमंत्री को बर्खास्त और दूसरे राज्यमंत्री को कम महत्वपूर्ण विभाग दिया गया। इस चर्चा को बल मिलने लगा था कि पार्टी का ब्राह्मणों से 'मोहभंग' हो रहा है। अटकलों को नकारते हुए मुलायम सिंह ने मंगलवार को मनोज पाण्डेय को प्रबुद्ध सभा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। उन्हें जिला स्तर पर ब्राह्मण समाज को पार्टी से जोड़ने का जिम्मा दिया गया है।

कौन कहां से प्रत्याशी

सिराथू से वाचस्पति पासी, चरखारी से कप्तान सिंह राजपूत, रोहनिया से महेन्द्र सिंह पटेल, लखनऊ पूर्वी से जूही सिंह, सहारनपुर सदर से संजय गर्ग, कैराना से नाहिद हसन, हमीरपुर से शिवचरण राजपूत, बिजनौर से रानी रुचिवीरा, ठाकुरद्वारा से नवाब जान खां और बलहा से शब्बीर अहमद उम्मीदवार घोषित किये जा चुके हैं। निघासन से कृष्णा पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा मुखिया के पौत्र तेजवीर सिंह यादव प्रत्याशी हैं।

फिर मिले मुलायम-अमर, सपा में वापसी की अटकलों को मिला बल

मुलायम पर आजम की आपत्तिजनक टिप्पणी

chat bot
आपका साथी