काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को 5 साल की सजा, जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचे

काला हिरण शिकार मामले में दोषी फिल्म अभिनेता सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई गई है। वहीं साक्ष्य के अभाव में अन्य दोषियों को बरी कर दिया गया है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 05 Apr 2018 11:29 AM (IST) Updated:Thu, 05 Apr 2018 07:56 PM (IST)
काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को 5 साल की सजा, जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचे
काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को 5 साल की सजा, जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचे

जोधपुर (जेएनएन)। काला हिरण शिकार मामले में दोषी फिल्म अभिनेता सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई गई है। साथ ही कोर्ट ने उन पर 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। सलमान को जोधपुर जेल भेज दिया गया है और आज उन्‍हें जेल में ही रहना पड़ेगा। दरअसल, सलमान के वकील ने जोधपुर सेशन कोर्ट में जमानत की याचिका दायर कर दी है, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। वहीं सबूतों के अभाव में अन्य पांच आरोपियों को बरी कर दिया गया है। सजा के समय सलमान खान की दोनों बहनें अर्पिता और अलवीरा भी उनके साथ मौजूद थीं। सजा मिलते ही दोनों बहनें रो पड़ीं। कोर्ट में सजा पर बहस के दौरान सलमान के वकील ने कोर्ट से कहा था कि कम से कम सजा दी जाए। लेकिन सरकारी वकील ने सलमान खान के लिए 6 साल की सजा की मांग की थी। 

जोधपुर सेंट्रल जेल होगा मेडिकल टेस्ट

सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। सलमान खान को लेकर पुलिस जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंच गई है। वहां पर उनका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। जोधपुर जेल के डीआईजी विक्रम सिंह ने कहा कि फैसले के मद्देनजर जेल में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं और सलमान खान को जेल में वही खाना दिया जाएगा, जो अन्य कैदियों को दिया जाता है।

बिश्नोई समाज खुश

अभिनेता सलमान खान को वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत दोषी करार दिया गया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि सलमान खान को हिरण के शिकार मामले में अदालत तक घसीटने वाले समूह बिश्नोई समाज के नाम से जाना जाता है। यह समाज पर्यावरण के प्रति अपनी श्रद्धा के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। इतिहास की कई कहानियों को देखें तो इस समाज के सदस्यों ने पेड़-पौधों और पशुओं की रक्षा के लिए अपनी जान तक दे दी है। सलमान खान को सजा मिलते ही बिश्नोई समाज ने खुशी जताई। बिश्नोई समाज के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल भवाद ने कहा कि हम फैसले का अध्ययन करेंगे। इसके बाद बरी हुए आरोपियों के खिलाफ अपील करेंगे।

सलमान के अलावा ये हैं अारोपी

मालूम हो कि काला हिरण शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान, सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, सोनाली, तब्बु व एक अन्य स्थानीय नागरिक आरोपी हैं। सलमान सहित सभी आरोपी जोधपुर में हैं। इस मामले में अंतिम बहस 28 मार्च को हुई थी। इसके बाद सीजेएम ग्रामीण देवकुमार खत्री ने इन आरोपियों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

इसलिए जाना पड़ा जेल

सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाई गई है। अब उन्हें सेशन कोर्ट से जमानत मिलेगी। सेशन कोर्ट में अपील दायर कर सजा सस्पेंड करानी पड़ेगी। लेकिन जब तक सेशन कोर्ट से सजा सस्पेंड नहीं होगी, तब तक जेल में रहना पड़ेगा। 

जानिए- इस मामले में कब क्या हुअा

-सितंबर, 1998: काले हिरण के शिकार की ये घटना हम 'साथ-साथ हैं’ फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई। आरोप है कि सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम जोधपुर के पास कांकाणी गांव गए थे और वहां इन लोगों ने दो हिरणों का शिकार किया था। हालांकि लोगों ने इन्हें देख लिया था। इसके बाद ये जिप्सी में बैठकर फरार हो गए थे। उस वक्त एक स्थानीय ट्रैवल एजेंट भी इनके साथ था।

-2 अक्टूबर,1998: इस मामले में राजस्थान के वन विभाग ने शिकायत की। जिसमें सलमान समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया। जिसमें सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, नीलम, तब्बू, दुष्यंत सिंह औऱ दिनेश गावरे शामिल हैं।

-वहीं चार चश्मदीद के भी नाम दर्ज हुए हैं। इसमें छोगाराम, पूनमचंद, शेराराम और मांगीलाल शामिल हैं।

-9 नवंबर, 2000: सीजेएम कोर्ट ने इस मामले की संज्ञान लिया और सुनवाई शुरू हुई।

-19 फरवरी, 2006 : काले हिरण के शिकार के मामले में सभी आरोपियों पर आरोप तय किए गए। मगर डिफेंस की तरफ से सेशन कोर्ट में पुर्नविचार याचिका लगाई गई। वहीं प्रोसिक्यूशन ने हाई कोर्ट में अपील की। इसी वजह से सात साल तक ट्रायल रूका रहा।

-23 मार्च, 2013 : ट्रायल कोर्ट ने सभी आरोपियों पर दोबारा आरोप तय किए।

-23 मई, 2013 : सीजेएम कोर्ट में इस मामले की दोबारा सुनवाई शुरू हुई। ट्रायल के दौरान 28 गवाह बयानों से पलट गए।

-13 जनवरी, 2017 : कोर्ट में गवाही पूरी हुई।

-27 जनवरी, 2017 : सभी आरोपियों ने कोर्ट में पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए।

-13 सितंबर, 2017 : अभियोजन पक्ष ने ट्रायल कोर्ट में अंतिम बहस शुरू की।

-28 अक्टूबर, 2017 : बचाव पक्ष की तरफ से अंतिम बहस शुरू हुई।

-24 मार्च, 2018 : ट्रायल कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई।

-28 मार्च, 2018 : काले हिरण के शिकार के मामले में ट्रायल कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा।

यह भी पढ़ेंः 15 वर्षीय लड़की ने सलमान खान के लिए छोड़ा अपना घर, ट्रेन पकड़कर पहुंच गई मुंबई

chat bot
आपका साथी