भारत की एक मात्र परमाणु पनडुब्बी 'आइएनएस चक्र' क्षतिग्रस्त

भारतीय नौसेना की एक मात्र परमाणु पनडुब्बी 'आइएनएस चक्र' के सोनार डोम्स को कुछ क्षति पहुंची है जहां उसके दो पैनल उखड़ गए हैं।

By Kishor JoshiEdited By: Publish:Sat, 02 Dec 2017 02:53 AM (IST) Updated:Sat, 02 Dec 2017 06:19 AM (IST)
भारत की एक मात्र परमाणु पनडुब्बी 'आइएनएस चक्र' क्षतिग्रस्त
भारत की एक मात्र परमाणु पनडुब्बी 'आइएनएस चक्र' क्षतिग्रस्त

नई दिल्ली (पीटीआई)। भारतीय नौसेना की एक मात्र परमाणु पनडुब्बी 'आइएनएस चक्र' क्षतिग्रस्त हो गई है। नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने शुक्रवार को बताया कि घटना की बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। 190 मेगावाट के परमाणु रिएक्टर वाली इस पनडुब्बी को रूस से 2012 में 10 साल की लीज पर लिया गया था।

नौसेना दिवस (चार दिसंबर) से पहले पत्रकारों से बातचीत में एडमिरल लांबा ने बताया, 'पनडुब्बी के सोनार डोम्स को कुछ क्षति पहुंची है जहां उसके दो पैनल उखड़ गए हैं।' उन्होंने कहा कि भारत और रूस के विशेषज्ञों का संयुक्त दल क्षति का आकलन करने के लिए पहले ही पनडुब्बी का परीक्षण कर चुका है। इसके अलावा नए पैनलों का ऑर्डर भी दिया जा चुका है।

एडमिरल लांबा ने उम्मीद जताई कि पनडुब्बी जल्द ही दुरुस्त हो जाएगी। उन्होंने रूसी मीडिया की उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया कि भारतीय नौसेना ने अमेरिका के तकनीकी दल को पनडुब्बी की जांच करने की अनुमति दी थी। एडमिरल लांबा ने साफ कहा कि किसी भी अमेरिकी अधिकारी ने इसे करीब से भी नहीं देखा है। 'आइएनएस चक्र' करीब ढाई महीने पहले क्षतिग्रस्त हुई थी।

यह भी पढ़ें: छह परमाणु पनडुब्बियां बनाने की परियोजना पर काम शुरू

यह भी पढ़ें: अर्जेंटीना: 44 क्रू मेंबर समेत लापता सबमरीन की खोज में जुटी नौसेना

chat bot
आपका साथी