Arvind Kejriwal Arrest: 'बिल्कुल स्वीकार नहीं... CM केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भारत ने अमेरिका को सुनाई खरी-खरी

गुरुवार को एक साप्ताहिक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा हमें अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई राय पर सख्त आपत्ति है। उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों की नींव के लिए आपसी सम्मान और समझ जरूरी है और राज्यों से अन्य देशों की संप्रभुता और आंतरिक मामलों का सम्मान करने का आग्रह किया।

By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya Publish:Thu, 28 Mar 2024 06:49 PM (IST) Updated:Thu, 28 Mar 2024 06:49 PM (IST)
Arvind Kejriwal Arrest: 'बिल्कुल स्वीकार नहीं... CM केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भारत ने अमेरिका को सुनाई खरी-खरी
CM केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका के बयान को लेकर भारत ने रखा अपना पक्ष। (File Photo)

एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका की तरफ से दिए गए बयान पर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कहा कि भारत एक स्वतंत्र देश है। हमें अपने "मजबूत और स्वतंत्र" लोकतांत्रिक देश होने पर गर्व है। हमारी चुनावी और कानूनी प्रक्रियाओं पर ऐसा कोई भी बाहरी आरोप किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। यह कानूनी प्रक्रिया है, कोई और तरीका नहीं है। देश कानून और संविधान से ही चलता है।

भारत ने किया आरोपों का खंडन

अमेरिकी विदेश विभाग ने इस मुद्दे पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में बोलकर इस मामले को तूल दिया, जिसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय द्वारा इसका खंडन किया गया। बुधवार को अमेरिका की उप-राजदूत ग्लोरिया बेरबेना को तलब किए जाने के बाद भारत ने यह जवाब दिया है। भारत ने कहा कि अमेरिका का यह बयान अवांछित है और उसे हमारे मामलों में दखल नहीं देना चाहिए।

भारत-अमेरिका संबंध पर जोर

गुरुवार को एक साप्ताहिक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा हमें अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई राय पर सख्त आपत्ति है। उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों की नींव के लिए आपसी सम्मान और समझ जरूरी है और राज्यों से अन्य देशों की संप्रभुता और आंतरिक मामलों का सम्मान करने का आग्रह किया।

बाहरी आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य

जयसवाल ने कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग की हालिया टिप्पणियां अनुचित हैं। हमारी चुनावी और कानूनी प्रक्रियाओं पर ऐसा कोई भी बाहरी आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य है। भारत में कानूनी प्रक्रिया केवल कानून के शासन द्वारा संचालित होती है। भारत को अपने मजबूत और स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश होने पर गर्व है।

कांग्रेस के बैंक खाते पर अमेरिका की टिप्पणी

बता दें कि इससे पहले बुधवार को अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से दिल्ली के सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज करने की टिप्पणियों पर भारत द्वारा अमेरिकी राजनयिक को तलब करने पर उनकी प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया था। जिस पर उन्होंने कहा था कि वे इन कार्रवाइयों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका का बयान

मिलर ने कहा था कि हम दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सहित इन कार्रवाइयों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हम कांग्रेस पार्टी के आरोपों से भी अवगत हैं कि कर अधिकारियों ने उनके कुछ बैंक खातों को इस तरह से फ्रीज कर दिया है जिससे प्रभावी ढंग से लोकसभा चुनाव में प्रचार करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।

क्यों हुई CM केजरीवाल की गिरफ्तारी

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री की हिरासत को चार दिन और बढ़ाकर 1 अप्रैल तक कर दी है। इस मामले में मनीष सिसोदिया पहले से जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें: भारत के आंतरिक मुद्दे में हस्तक्षेप करने से बाज नहीं आ रहा अमेरिका, CM केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्यो बोल गए अमेरिकी अधिकारी?

chat bot
आपका साथी