देश में कोरोना टेस्‍ट में रिकॉर्ड तेजी, एक दिन में 4,20,898 नमूनों की जांच, रिकवरी रेट में इजाफा

बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 420898 नमूनों की कोरोना जांच की गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक कोरोना से जुड़ी 15849068 जांचें की गई हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 25 Jul 2020 04:53 PM (IST) Updated:Sat, 25 Jul 2020 07:58 PM (IST)
देश में कोरोना टेस्‍ट में रिकॉर्ड तेजी, एक दिन में 4,20,898 नमूनों की जांच, रिकवरी रेट में इजाफा
देश में कोरोना टेस्‍ट में रिकॉर्ड तेजी, एक दिन में 4,20,898 नमूनों की जांच, रिकवरी रेट में इजाफा

नई दिल्‍ली, पीटीआइ। भारत में कोरोना जांच का दायरा धीरे-धीरे बढ़ते हुए प्रतिदिन चार लाख को पार कर गया है। पहली बार एक दिन में 4.20 लाख नमूनों की जांच की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि लैब की संख्या में बढ़ोत्तरी से ऐसा संभव हो सका है। मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि जनवरी में कोरोना सैंपल की जांच के लिए देश में सिर्फ एक लैब थी। अब लैब की संख्या बढ़कर 1,301 हो गई है। मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के संशोधित दिशानिर्देशों और राज्यों के प्रयासों से लैब की संख्या बढ़ाना संभव हो पाया है।

मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार तक देश में कोरोना के लिए कुल एक करोड़ 58 लाख 49 हजार 68 नमूनों की जांच की गई थी। पिछले एक हफ्ते से रोजाना साढ़े तीन लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान चार लाख 20 हजार 898 नमूनों की जांच हुई है। इसके साथ ही प्रति 10 लाख आबादी पर जांच की संख्या बढ़कर 11,485 हो गई है। केंद्र सरकार ने कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को कम करने के लिए राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को 'जांच, पहचान और इलाज' की रणनीति पर जोर देने की सलाह दी है। 

केंद्र सरकार की तरफ से दिल्ली में यह रणनीति अपनाने पर वांछित सफलता मिली है और नए मामलों में भारी कमी आई है। मंत्रालय ने कहा है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 63.54 फीसद हो गई है। वहीं, मृत्युदर में भी गिरावट आई है और फिलहाल यह 2.35 फीसद है। भारत कोरोना से सबसे कम मृत्युदर वाले देशों में से एक है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से ही मृत्युदर को कम करने में सफलता मिली है।

देश में कोरोना के मामलों की संख्या शनिवार को 13 लाख के आंकड़े को पार कर गई। महज दो दिन पहले संक्रमण के मामले 12 लाख के पार हुए थे। कोरोना से अब तक देश में 8,49,431 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में शनिवार को कोरोना वायरस के 48,916 नए मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13,36,861 हो गई। मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में 757 और लोगों की मौत होने से मृतकों संख्या बढ़कर 31,358 हो गई है।  

chat bot
आपका साथी