राफेल सौदे पर बहस में कुछ बारीकियां उजागर कर सकता है भारत : फ्रांस

एक भारतीय पत्रिका को दिए साक्षात्कार में मैक्रों ने कहा कि सौदे में आर्थिक, औद्योगिक और रणनीतिक हितों का पूरा ध्यान रखा गया है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Thu, 08 Mar 2018 11:24 PM (IST) Updated:Fri, 09 Mar 2018 07:23 AM (IST)
राफेल सौदे पर बहस में कुछ बारीकियां उजागर कर सकता है भारत : फ्रांस
राफेल सौदे पर बहस में कुछ बारीकियां उजागर कर सकता है भारत : फ्रांस

नई दिल्ली, आइएएनएस। भारत और फ्रांस के बीच हुए राफेल सौदे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैनुएल मैक्रों ने कहा है कि यदि भारत सरकार इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ बहस के लिए सौदे की कुछ बारीकियों से पर्दा उठाना चाहता है तो फ्रांस सरकार विरोध नहीं करेगी।

एक भारतीय पत्रिका को दिए साक्षात्कार में मैक्रों ने कहा कि सौदे में आर्थिक, औद्योगिक और रणनीतिक हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। यह सौदा उनके कार्यकाल में नहीं किया गया है, लेकिन उनका मानना है कि इससे दोनों देशों को फायदा हुआ है। सौदा एक अच्छी वार्ता के बाद हुआ है और इस दौरान भारत सरकार ने अपने देश का पक्ष अच्छे ढंग से रखा था। साथ ही यह सौदा भारत की सुरक्षा लिहाज से बेहद अहम है।

सौदे पर बरती जा रही गोपनियता पर मैक्रों ने कहा कि जब दो देशों के बीच किसी मामले पर बेहद संवेदनशील कारोबारी हित शामिल होते हैं तो उन्हें उजागर करना उचित नहीं होता। वाणिज्यिक समझौते के तहत प्रतियोगी कंपनियों को इस सौदे की बारीकियों की जानकारी नहीं होनी चाहिए। लिहाजा इन पर गोपनीयता जायज है। मैक्रों ने कहा कि कुछ तकनीकी मुद्दों पर रहस्य केवल वाणिज्यिक समझौते की वजह से ही है।

आज पहुंचेंगे भारत

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैनुएल मैक्रों (40) शुक्रवार को अपनी पत्नी ब्रिगेट के साथ भारत पहुंच रहे हैं। लेकिन वह नहीं चाहेंगे कि भारत दौरे पर उनका हाल कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो जैसा हो। ट्रूडो और मैक्रों की अक्सर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तुलना की जाती है। दोनों के एक जैसे राजनीतिक विचार हैं। दोनों ही युवा और आकर्षक हैं। बता दें कि ट्रूडो ने हालिया भारत दौरे के दौरान मुंबई में एक रात्रिभोज में खालिस्तान समर्थक जसपाल अटवाल को बतौर मेहमान आमंत्रित किया था। इसके बाद हंगामा मच गया था। हालांकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति का भारत में जोरदार स्वागत होने वाला है। पिछले साल भी मोदी और मैक्रों गर्मजोशी से मिले थे।

सूत्रों के मुताबिक, भारत दौरे पर मैक्रों शनिवार और रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काफी वक्त बिताने वाले हैं। इसके बाद रविवार को वह ताजमहल देखने आगरा और सोमवार को वाराणसी के दौरे पर जाएंगे। काशी दर्शन के दौरान भी मोदी उनके साथ होंगे। वहां वे नौकाविहार भी करेंगे।

chat bot
आपका साथी