बिहार के 13 जिलों में फैला बाढ़ का पानी, अब तक सौ की मौत

बिहार के 13 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ का पानी मुजफ्फरपुर जिले में भी फैल गया।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 16 Aug 2017 04:30 AM (IST) Updated:Wed, 16 Aug 2017 04:30 AM (IST)
बिहार के 13 जिलों में फैला बाढ़ का पानी, अब तक सौ की मौत
बिहार के 13 जिलों में फैला बाढ़ का पानी, अब तक सौ की मौत

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के 13 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मंगलवार को बाढ़ का पानी मुजफ्फरपुर जिले में भी फैल गया। राज्य में बाढ़ से अब तक 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की सूचना है। वहीं सेना, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के दो हजार जवान दिन-रात लोगों को बचाने में लगे हुए हैं। अभी भी कई ऐसे इलाके हैं जहां बचाव टीम नहीं पहुंच सकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात की जानकारी ली।

नीतीश ने लगातार दूसरे दिन किया हवाई सर्वेक्षण

मंगलवार को नीतीश ने दरभंगा प्रमंडल के जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। उधर वरिष्ठ अधिकारियों की एक अलग टीम ने पूर्णिया, अररिया एवं कटिहार जिले का दौरा किया। नेपाल में बारिश के कारण उत्तर बिहार की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य में भी लगातार बारिश से बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। कोसी-सीमांचल एवं उत्तर बिहार के कई जिलों में हालात खराब हैं। नए इलाकों में भी पानी तेजी से फैल रहा है। पूर्णिया हवाईअड्डे से वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों से प्रभावित इलाकों में लगातार फूड पैकेट गिराए जा रहे हैं। मंगलवार को तीसरा हेलीकॉप्टर भी मंगाया गया। इसे पश्चिम चंपारण जिले में लगाया गया है।

 आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 13 जिलों के 98 ब्लॉक की एक हजार 70 पंचायतों को बाढ़ ने अपनी चपेट में लिया है। मुजफ्फरपुर, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल और मधेपुरा जिला बाढ़ से प्रभावित है। 70 लाख से अधिक लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। लोग ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। दो लाख 48 हजार लोगों को पानी से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। 93 हजार लोगों ने राहत शिविरों में शरण ले रखी है। दरभंगा, मधुबनी, अररिया व किशनगंज सहित राज्य के कई हिस्सों में कई तटबंध टूट गए हैं।

 28 हजार बाढ़ प्रभावित लोगों को पहुंचाई राहत

नई दिल्ली। एनडीआरएफ की ओर से मंगलवार को कहा गया कि देश के विभिन्न्न बाढ़ प्रभावित हिस्सों से करीब 28 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ को देखते हुए असम, गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगाई गई हैं।

यह भी पढें: बिहार: डिप्‍टी सीएम के काफिले पर पूर्व डिप्‍टी सीएम समर्थकों का हमला

chat bot
आपका साथी