अपनी अंतिम यात्रा पर निकलने वाला है भारतीय नौसेना का युद्धपोत 'विराट', 30 सालों तक की सेवा

भारतीय नौसेना के एक बयान के अनुसार ऐतिहासिक पोत को शुक्रवार को अलंग के लिए रवाना होना था लेकिन इसके प्रस्थान में एक दिन की देरी हुई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Fri, 18 Sep 2020 05:15 PM (IST) Updated:Fri, 18 Sep 2020 05:15 PM (IST)
अपनी अंतिम यात्रा पर निकलने वाला है भारतीय नौसेना का युद्धपोत 'विराट', 30 सालों तक की सेवा
अपनी अंतिम यात्रा पर निकलने वाला है भारतीय नौसेना का युद्धपोत 'विराट', 30 सालों तक की सेवा

मुंबई, पीटीआइ। भारतीय नौसेना का युद्धपोत विराट (Viraat) शनिवार को अपनी अंतिम यात्रा शुरू करेगा। विमानवाहक पोत विराट को गुजरात के भावनगर जिले के अलंग के लिए मुबई के नौसेना डॉकयार्ड से अपनी अंतिम यात्रा शुरू करने वाला है। जहां इसे अलंग शिप ब्रेकिंग यार्ड में नष्ट किया जाएगा।

भारतीय नौसेना के एक बयान के अनुसार ऐतिहासिक पोत को शुक्रवार को अलंग के लिए रवाना होना था, लेकिन इसके प्रस्थान में एक दिन की देरी हुई है। अभी कुछ कागजी काम पूरे किए जा रहे हैं, इसके बाद इस युद्धपोत विमान 'विराट' को रवाना किया जाएगा जहां इसे फिर नष्ट किया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय नौसेना ने कहा कि इस पोत ने 30 वर्षों तक सेवा की। यह भारतीय बेड़े में एकमात्र युद्धपोत था जो था ब्रिटेन की शाही नौसेना में और बाद में भारतीय नौसेना के साथ जुड़कर काम किया।

यात्रा पूरी करने में दो दिन का लगेगा समय

युद्धपोत विमान 'विराट' को एक संग्रहालय या एक रेस्तरां में बदलने की कोशिशें की गई थी, लेकिन यह योजना नाकाम रही। अलंग स्थित श्री राम समूह ने जहाज को नष्ट करने के लिए बोली लगाई थी। नौसेना के एक अधिकारी ने कहा कि कंपनी के पास अपनी उच्च क्षमता वाले टग्स (Tugs) हैं जो इस विशालकाय पोत को अलंग तक ले जाएंगे और इस यात्रा को पूरा करने में दो दिन लगेंगे। 

बता दें कि गुजरात के समुद्री तट शहर अलंग में दुनिया का सबसे बड़ा शिप ब्रेकिंग यार्ड है। गुजरात के इस विख्यात स्थल अलंग शिपयार्ड का एक अलग ही नजारा होता है। किसी ऊंची जगह खड़े होकर देखें तो कई किलोमीटर तक आपको बस बड़े-बड़े जहाज या उनका मलबा ही नजर आएगा। जर्जर जहाजों को देखकर आप पहली नजर में ये अंदाजा भी नहीं लगा सकते कि, ये वही जहाज हैं, जो कभी विशाल समुद्र का सीना चीरते हुए तेज रफ्तार से भागा करते थे। लेकिन यह सच है अलंग शिपयार्ड इन जहाजों का अंतिम सफर होता है।

chat bot
आपका साथी