ओडिशा: वेदांता के सुरक्षाकर्मियों व श्रमिकों में संघर्ष, दो की मौत, धारा 144 लागू

स्थाई नियुक्ति व अन्य मांगों को लेकर श्रमिक प्रदर्शन कर रहे थे । तीस से ज्यादा श्रमिक घायल तीन की हालत गंभीर। तनाव को देखते हुए कंपनी इलाके में धारा 144 लागू।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 19 Mar 2019 08:22 AM (IST) Updated:Tue, 19 Mar 2019 08:22 AM (IST)
ओडिशा: वेदांता के सुरक्षाकर्मियों व श्रमिकों में संघर्ष, दो की मौत, धारा 144 लागू
ओडिशा: वेदांता के सुरक्षाकर्मियों व श्रमिकों में संघर्ष, दो की मौत, धारा 144 लागू

जेएनएन, भुवनेश्वर।  ओडिशा के कालाहांडी जिले के लांजीगढ़ स्थित वेदांता एल्यूमिनियम कारखाना के सामने सोमवार को कंपनी के सुरक्षाकर्मियों एवं श्रमिकों के बीच हुए संघर्ष में एक श्रमिक एवं एक दुकानदार की मौत हो गई। तीस से अधिक श्रमिक घायल हो गए। इनमें से तीन श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को लांजीगढ़ अस्पताल में भर्ती किया गया है। 

इस घटना के बाद स्थानीय इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ऐसे में प्रशासन ने एहतियात के रूप में कंपनी के सामने धारा 144 लागू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्थानीय श्रमिक स्थाई नियुक्ति समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार को कारखाना के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। कंपनी के सुरक्षा कर्मचारियों ने श्रमिकों को जबरन प्रदर्शन स्थल से हटाने का प्रयास किया। 

श्रमिक प्रदर्शन पर अडिग रहे। साथ ही प्लांट के अंदर जबरन घुसने का प्रयास करने लगे। इसे लेकर सुरक्षाकर्मियों एवं श्रमिकों के बीच कहासुनी के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी क्रम में सुरक्षा कर्मचारियों की पिटाई में दानी पात्र नामक श्रमिक की मौत हो गई। वह लाजीगढ़ के समीप छत्रपुर गांव का रहने वाला था। वहीं, जान गंवाने वाले दुकानदार की शिनाख्त नहीं हो पाई। इस घटना में 30 से अधिक श्रमिक घायल हो गए। वेदांत कंपनी ने कहा है कि श्रमिक कंपनी परिसर में मौजूद डीएवी स्कूल में स्थानीय इलाके के छात्रों को एडमिशन करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्हें जबरन कंपनी के अंदर प्रवेश करने से रोका गया तो उत्तेजना का माहौल बन गया। इसी क्रम में यह दुखद घटना हो गई।

chat bot
आपका साथी