कांठ में कांग्रेस ने बढ़ा दी भाजपा की चुनौती

कांठ प्रकरण में कांग्रेस के कूद जाने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ी हैं। 26 जुलाई को कांग्रेस शांति मार्च निकाल रही है वहीं भाजपा के प्रमुख नेता एसएसपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कांठ थाने पर एकत्रित होंगे। दोनों ही दल शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं।

By Edited By: Publish:Wed, 23 Jul 2014 02:45 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jul 2014 02:46 AM (IST)
कांठ में कांग्रेस ने बढ़ा दी भाजपा की चुनौती

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कांठ प्रकरण में कांग्रेस के कूद जाने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ी हैं। 26 जुलाई को कांग्रेस शांति मार्च निकाल रही है वहीं भाजपा के प्रमुख नेता एसएसपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कांठ थाने पर एकत्रित होंगे। दोनों ही दल शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं।

भाजपा के लिए करो या मरो जैसे हालात हैं। एसएसपी मुरादाबाद के विरुद्ध मोर्चा खोलने का एलान करते हुए भाजपा रिपोर्ट दर्ज कराने का फैसला ले चुकी है। इस बावत 26 जुलाई को पश्चिमी उप्र के भाजपा के विधायक व सांसद कांठ थाने पर एकत्रित होंगे। प्रदेश पदाधिकारियों और मोर्चा व प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी आंदोलन में शामिल होने के लिए कहा गया है। जिला केंद्रों पर धरना दिया जाएगा। भाजपा की चुनौती इसलिए जटिल है क्योंकि आंदोलन का पहला चरण कामयाब नहीं रहा। इसकी वजह भाजपा की क्षेत्रीय गुटबाजी को माना गया और वह हालात अभी जस के तस हैं। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी व संगठन महामंत्री सुनील बंसल के लिए कांठ आंदोलन बड़ी परीक्षा होगा क्योंकि आरोपी अधिकारियों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अख्तियार किए हुए है। भाजपा विधायकों का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर शिकायत दर्ज कराने का कोई नतीजा नहीं निकला। सरकार भाजपा का दमखम देना चाहती है।

सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद सपा भाजपा के बीच यह पहला बड़ा आंदोलनात्मक टकराव है। सपा भी अपनी कमजोर स्थिति नहीं दर्शाना चाहती है ताकि मुस्लिम बहुल इलाके में सरकार की फजीहत न हो। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने आंदोलन को कामयाब बनाने की चुनौती आसान नहीं दिख रही। दूसरी ओर कांग्रेस भी मुकाबले में कूद गई है। 26 जुलाई को कांठ में शांतिमार्च निकाला जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री के साथ मधुसूदन मिस्त्री, प्रदीप माथुर, नसीब पठान व पश्चिम उप्र के विधायक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। प्रवक्ता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कांग्रेस नेता 26 जुलाई को दिल्ली से प्रात: 9.30 बजे रवाना हो दोपहर एक बजे मुरादाबाद पहुंचेंगे। कांग्रेसी दोपहर दो बजे से तीन बजे के बीच कांठ में शांतिमार्च निकालेंगे। विधानमंडल दलनेता प्रदीप माथुर का कहना है कि भाजपा की समाज तोड़ो नीतियों का पर्दाफाश करने के लिए ही कांग्रेस जनता को एकजुट करेगी।

पढ़ें: कांठ कांड के खिलाफ 26 को होगा धरना

पढ़ें:कांठ प्रकरण पर गर्मायी राजनीति ठंडा करने की तैयारी

chat bot
आपका साथी