कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से भड़की आप ने शुरू किया ट्विटर वार

दिल्ली में दोबारा विधानसभा चुनाव कब होंगे, इस पर अभी राजनीतिक पार्टियां असमंजस में हैं। लेकिन इसके मद्देनजर आम आदमी पार्टी का पोस्टर वार जारी है। इस पोस्टरबाजी में जामिया के बाद अब मालवीय नगर इलाके में भी पार्टी के चार कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

By Edited By: Publish:Tue, 29 Jul 2014 09:49 AM (IST) Updated:Tue, 29 Jul 2014 09:57 AM (IST)
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से भड़की आप ने शुरू किया ट्विटर वार

नई दिल्ली (जागरण संवाददाता)। दिल्ली में दोबारा विधानसभा चुनाव कब होंगे, इस पर अभी राजनीतिक पार्टियां असमंजस में हैं। लेकिन इसके मद्देनजर आम आदमी पार्टी का पोस्टर वार जारी है। इस पोस्टरबाजी में जामिया के बाद अब मालवीय नगर इलाके में भी पार्टी के चार कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

रविवार रात सरकारी स्कूल पर पोस्टर चिपकाने के आरोप में पुलिस ने आप के चार कार्यकर्ताओं राजेश (40), दीपक (27), गुलशन (23) व राजेंद्र कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया। बाद में चारों को जमानत पर छोड़ दिया गया। आप नेता सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने चारों को थाने में आठ घंटे बिठाए रखा। आम आदमी पार्टी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस चुकी है। पार्टी ने इसके लिए पोस्टर वार चला रखा है। रविवार को आप के चार कार्यकर्ताओं ने मालवीय नगर के विभिन्न इलाकों में पोस्टर चिपकाए थे। इनमें तीन अगस्त को जंतर-मंतर में होने वाली आप के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई थी। पोस्टर में लिखा है कि दिल्ली में चुनाव से भाग क्यों रही भाजपा। कार्यकर्ताओं ने लोगों के घरों, मार्केट, दुकानों, ठेलों व पार्को की दीवारों पर बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए थे। मालवीय नगर की मेन मार्केट के पास स्थित एक सरकारी स्कूल की दीवार पर भी कई पोस्टर लगाए गए थे। पुलिस रात में गश्त कर रही थी। तभी चार युवकों को पुलिस ने पोस्टर चिपकाते हुए देख लिया। पुलिस चारों को थाने ले गई और उनके खिलाफ दिल्ली संपत्ति बदरंग अधिनियम-2007 की धारा-3 के तहत मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें जमानत दे दी गई। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी सिर्फ पोस्टर चिपकाकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के कारण की गई है। पोस्टर पर लिखे कंटेंट से इसका कोई मतलब नहीं है। किसी ने इसकी शिकायत नहीं की थी। गौरतलब है कि गत सप्ताह जामिया नगर इलाके में धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले पोस्टर लगाने के आरोप में आप प्रवक्ता दिलीप पांडे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

कई इलाकों में लगे हैं पोस्टर

दिल्ली के कई इलाकों में ऐसे पोस्टरों की भरमार है। फ्लाईओवर व फुट ओवरब्रिज के पिलर आदि पर आप कार्यकर्ता ज्यादातर रात को पोस्टर लगाते हैं। साउथ एक्स मेन मार्केट की दीवारों पर भी ऐसे पोस्टरों को बड़ी संख्या में देखा जा सकता है। ज्यादातर इलाकों में सुबह एमसीडी के कर्मचारी पोस्टरों को हटा देते हैं, लेकिन कई जगह से ये हटाए नहीं जा पाते हैं।

गिरफ्तारी पर आप का ट्वीट वार

गिरफ्तारी से भड़की आम आदमी पार्टी ने ट्वीट वार छेड़ दिया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लिखा है कि पुलिस को ये पोस्टर आपत्तिजनक नजर आया और उन्होंने चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। भाजपा नर्वस हो गई है और पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। वहीं आप विधायक सोमनाथ भारती ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा है कि हमने कल की थाना लेवल कमेटी में एसीपी निशांत से कुछ सवाल पूछे थे जो कि उन्हें अच्छे नहीं लगे। आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन्होंने हमसे बदल लिया है।

पढ़ें: शक्ति प्रदर्शन को आप ने झोंकी ताकत

पढ़ें: दिल्ली पुलिस कर रही है राजनीतिक कार्रवाई : आप

chat bot
आपका साथी