दिल्ली पुलिस पर कर रही है राजनीतिक कार्रवाई : आप
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि भाजपा दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग करने में जुटी है। दिल्ली पुलिस को पक्षपात की कार्रवाई से दूर रहना चाहिए यदि ऐसा नहीं किया गया तो पार्टी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी सड़कों पर उतरेगी। यह बवाल आप के चार क
नई दिल्ली [नई दुनिया ब्यूरो]। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि भाजपा दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग करने में जुटी है। दिल्ली पुलिस को पक्षपात की कार्रवाई से दूर रहना चाहिए यदि ऐसा नहीं किया गया तो पार्टी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी सड़कों पर उतरेगी। यह बवाल आप के चार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ है, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर में पोस्टर चिपकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बताया कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, दिल्ली पुलिस आप के खिलाफ जानबूझ कर कार्रवाई करने में जुटी है। क्योंकि दिल्ली पुलिस केंद्र के अधीन है, इसलिए भाजपा के इशारे पर पुलिस आप के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का काम कर रही है। रविवार आधी रात के बाद दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर इलाके से आप के चार कार्यकर्ताओं राजेश, गुलशन, दीपक व राजिंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया, वे लोग पार्टी का पोस्टर लगा रहे थे। पोस्टर में न तो कोई आपत्तिजनक बात लिखी थी और न ही किसी का विरोध जताया गया था। क्योंकि वह पोस्टर आप का था, इसलिए दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की जबकि तमाम दिल्ली में भाजपा व कांग्रेस के पोस्टर लगे हुए हैं लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है। हमारा कहना है कि कानून सबके लिए एक जैसा होना चाहिए तो फिर दिल्ली पुलिस कार्रवाई करने में भेदभाव क्यों करती है।
मनीष सिसोदिया ने पुलिस पर यह आरोप भी लगाया कि भाजपा के राजेंद्र नगर के विधायक के खिलाफ दिल्ली जल बोर्ड के जेई ने मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत की थी लेकिन अभी तक दिल्ली पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
क्या है दिल्ली पुलिस का कहना
दिल्ली पुलिस का कहना है कि रविवार आधी रात के बाद हौजखास सब-डिविजन के एसीपी गश्त पर थे। ढाई बजे के आसपास जब पुलिस मालवीय नगर थाने के पास गीता भवन के नजदीक पहुंची तो देखा कि चार लोग दीवार पर पोस्टर चिपका रहे हैं। पोस्टर कार में रखे थे। पुलिस ने चारों से पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि सोमनाथ साहब से बात कर लीजिए। चारों काफी बदतमीजी से बात कर रहे थे। जब पोस्टर चेक किए गए तो उस पर प्रकाशक का नाम पता भी नहीं था। चारों को थाने ले जाया गया तथा उनके खिलाफ डिफेसमेंट एक्ट व प्रेस एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ बुक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। चारों को सुबह जमानत पर छोड़ भी दिया गया। पुलिस का आरोप है कि सोमनाथ भारती ने मालवीय नगर थाने पहुंच कर काफी शोर शराबा भी किया था। हमने कानून के तहत कार्रवाई की है, ये लोग रंगे हाथों पकड़े गए थे, इसलिए गिरफ्तार किया गया।