शक्ति प्रदर्शन को आप ने झोंकी ताकत
तीन अगस्त को जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी [आप] शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है, इसके लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रदर्शन को लेकर आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दल भी उत्सुक हैं। वहीं, दूसरी ओर सरकारी संपत्ति को बदरंग करने के आरोप में चार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के वरिष्ठ नेता मैदान में उतर गए।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। तीन अगस्त को जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी [आप] शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है, इसके लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रदर्शन को लेकर आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दल भी उत्सुक हैं। वहीं, दूसरी ओर सरकारी संपत्ति को बदरंग करने के आरोप में चार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के वरिष्ठ नेता मैदान में उतर गए।
दरअसल, राष्ट्रपति व उपराज्यपाल को विधानसभा भंग करने की सिफारिशी चिट्ठी भेजने के बाद भी पार्टी की मांग पूरी नहीं हुई। इसलिए अब पार्टी शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। गत वर्ष विधानसभा चुनाव से पूर्व किए गए प्रदर्शनों के लिए जिस तरह की तैयारी की गई थी, पार्टी वैसी ही तैयारी में जुट गई है। सूत्र बताते हैं कि विधायकों व संभावित उम्मीदवारों से कहा गया है कि अपने-अपने इलाके में रैली करने के साथ आम लोगों को जंतर-मंतर जाने केलिए तैयार करें। पार्टी प्रचार के हर माध्यम का इस्तेमाल कर रही है। यहां तक कि दिल्ली के कई कॉमर्शियल स्पेस पर जंतर-मंतर चलो के पोस्टर लगाए गए हैं। दूसरी ओर पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सुबह ट्विटर पर इसका विरोध किया तो दोपहर बाद कंस्टीट्यूशन क्लब में प्रेस वार्ता बुलाकर पार्टी नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, आशुतोष व दिलीप पांडेय ने इस मसले पर मीडिया से बात की।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस भाजपा की कठपुतली के तौर पर काम रही है। भाजपा नेताओं के इशारे पर आप कार्यकताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। पार्टी इसका विरोध करेगी। पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, दिल्ली पुलिस आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई कर रही है।
प्रदर्शन स्थल के चुनाव में भी रणनीति
पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर शक्ति प्रदर्शन इसलिए किया जा रहा है कि दस हजार लोगों के पहुंचने के बाद पूरी सड़क भरी दिखेगी। इससे संदेश जाएगा कि आम दिल्लीवासी पार्टी के साथ खड़े हैं।