एक मौके ने बदली छोटे से गांव की लड़की की लाइफ

बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली मराठी फिल्म 'सैराट' के दोनों लीड एक्टर्स के मोम के पुतले पुणे के वैक्स म्यूजियम में स्थापित होंगे।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 14 Aug 2016 05:59 AM (IST) Updated:Sun, 14 Aug 2016 06:04 AM (IST)
एक मौके ने बदली छोटे से गांव की लड़की की लाइफ

पुणे। बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली मराठी फिल्म 'सैराट' के दोनों लीड एक्टर्स के मोम के पुतले पुणे के वैक्स म्यूजियम में स्थापित होंगे। फिल्म से पहले दोनों को कोई नहीं जानता था। दोनों एक साधारण गांव के रहने वाले हैं, लेकिन एक मौके ने दोनों की लाइफ को पूरी तरह से बदल दिया है।

म्यूजियम के शिल्पकार सुनील कंडलूर ने फिल्म के कलाकार रिंकू राजगुरु और आकाश ठोसर के घर जाकर उनके शरीर का नाप लिया। सुनील कंडलूर ने इन दोनों के अलावा फिल्म के डायरेक्टर नागराज मुंजले की बॉडी का भी नाप लिया है। फिल्म के स्टार्स के पुतलों को बनाने का काम शुरू हो गया है। इन्हें म्यूजियम में प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिमा के बगल में स्थापित किया जाएगा। लोनावाला में स्थित इस वैक्स म्यूजियम में पहले से पीएम मोदी, शरद पवार, अन्ना हजारे, कपिल देव, मदर टेरिसा, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, प्रभुदेवा समेत कइयों के वैक्स के पुतले लगे हैं। कंडलूर के मुताबिक तीनों पुतले दो महीने में बनकर तैयार हो जाएंगे। इनका इनोग्रेशन भी फिल्म के कलाकारों के हाथ ही होगा।

ऐसे एक गांव की लड़की बनी स्टार

फिल्म की एक्ट्रेस रिंकू, महाराष्ट्र के सोलापुर डिस्ट्रिक्ट में आने वाले अकलुज गांव की रहने वाली हैं। एक्टिंग से लोहा मनवाने वाली एक्ट्रेस केवल 15 साल की हैं, 'सैराट' उनकी डेब्यू फिल्म है। वे अकलुज के 'जीजामाता कन्या प्रशाला' की स्टूडेंट हैं। हाल ही में उन्होंने 9वीं क्लास में 81% मार्क्स हासिल किए हैं। मराठी फिल्म 'सैराट' बॉक्स ऑफिस पर इस कदर हिट हुई कि रिंकू रातोंरात एक साधारण लड़की से स्टार बन गई। आमिर खान, सुभाष घई, रितेश देशमुख, आयुष्मान खुराना समेत कई बड़े एक्टर्स सैराट फिल्म और रिंकू की एक्टिंग की तारीफ कर चुके हैं। रिंकू को सैराट में एक्टिंग के लिए हाल ही में 63वें नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा गया है।

ऐसे मिला रिंकू का रोल

सैराट फिल्म में रिंकू लीड एक्ट्रेस हैं, जिसका नाम है आर्ची। उन्हें इस रोल के लिए फिल्म के डायरेक्टर नागराज मुंजले ने सिलेक्ट किया था। बात 2 साल पहले की है, नागराज किसी काम के सिलसिले में अकलुज गांव गए थे। जब रिंकू को गांव में नागराज के आने की बात पता लगी तो वो अपने दोस्तों के साथ उन्हें देखने पहुंची। इस बीच नागराज की नजर रिंकू पर पड़ी और उन्होंने उसे फिल्म का ऑफर किया। इसके बाद उन्होंने 10 मिनट का ऑडिशन दिया। कुछ दिन बाद उन्हें फोन आया कि वे फिल्म के लिए चुनी गई हैं।

ऐसे बदली आकाश की लाइफ

महाराष्ट्र के सोलापुर में पैदा हुए आकाश ने पुणे से पढ़ाई की है। आकाश अपने परिवार के साथ पुणे में ही रहते हैं। 23 साल के आकाश एक्टिंग से पहले रेसलिंग करते थे। सैराट के लिए उन्होंने अपना 13 किलो वजन घटाया था। फिल्म में रोल ऑफर होने से पहले आकाश को शायद कोई नहीं जानता था। इसके हिट हो जाने के बाद अब उन्हें कई फिल्मों के ऑफर आ चुके हैं। यही नहीं, उन्होंने महेश मांजरेकर के साथ एक फिल्म की शूटिंग शुरू भी कर दी है।

मराठी की सबसे सफल फिल्म

फिल्म की कहानी एक अमीर और गरीब लड़के की इमोशनल प्रेम कहानी है। लड़का गरीब है, उसे ऊंची जाति वाली जमींदार की लड़की से प्रेम हो जाता है। जमींदार को प्रेम का पता चल जाता है। इसके बाद सोसाइटी और जमींदार से भागते हुए प्रेम और उसके संघर्ष को दिखाया गया है।'सैराट' ने 100 करोड़ रुपए का बिजनेस करके रीजनल सिनेमा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

chat bot
आपका साथी