मध्य प्रदेश भाजपा ने बनाया 'संगठन एप', मोबाइल पर उपलब्‍ध होगा 65 हजार बूथ का डाटा

मध्‍य प्रदेश भाजपा (Madhya Pradesh BJP) ने विधानसभा चुनाव 2023 (Assembly Elections 2023) की तैयारी के लिए संगठन ऐप तैयार किया है। इस एप के जरिए पार्टी प्रदेश के 65 हजार बूथों के बूथ प्रभारी पन्ना प्रभारी और चयनित मतदाताओं की पूरी जानकारी रखेगी।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Tue, 18 Jan 2022 08:17 AM (IST) Updated:Tue, 18 Jan 2022 09:54 AM (IST)
मध्य प्रदेश भाजपा ने बनाया 'संगठन एप', मोबाइल पर उपलब्‍ध होगा 65 हजार बूथ का डाटा
मध्य प्रदेश भाजपा ने 'संगठन एप' तैयार किया है

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश भाजपा ने एक ऐसा ऐप तैयार किया है, जिसमें मोबाइल पर संगठन से जुड़ा डिजिटल डाटा देखा जा सकता है। पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव, 2023 की तैयारी के लिए 'संगठन ऐप' का उपयोग किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, देश में पहली बार ऐसा ऐप तैयार किया गया है। इस एप के जरिए पार्टी प्रदेश के 65 हजार बूथों के बूथ प्रभारी, पन्ना प्रभारी और चयनित मतदाताओं की पूरी जानकारी रखेगी। इस एप पर चुनाव की तैयारी से लेकर अन्य दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। पार्टी डिजिटल डेटा एकत्र करने के लिए प्रत्येक बूथ पर दो विस्तारक भेज रही है। ये विस्तारक बूथ क्षेत्र में 10 दिन तक रहेंगे और एप में फोटो समेत तमाम जानकारियां अपलोड करेंगे।

दरअसल, मिशन 2023 की तैयारी में जुटी भाजपा इन दिनों बूथ से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत करने में लगी हुई है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष में पार्टी ने बूथ विस्तारक योजना की शुरुआत की है। इसके तहत पार्टी के 20 हजार स्वयंसेवी कार्यकर्ता 10 दिन का समय देंगे। इन 10 दिनों में वे प्रत्येक बूथ में 10 घंटे बिताएंगे और वहां 'संगठन ऐप' में सभी विवरण अपलोड करेंगे। यह कार्य विस्तारक के साथ भेजे गए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विशेषज्ञ द्वारा किया जाएगा। चयनित मतदाताओं के विवरण सहित बूथ प्रभारी का नाम, मोबाइल नंबर, फोटो, पता भी दर्ज किया जाएगा। इसमें बूथ पर क्या चुनौतियां हैं, पिछले चुनाव में कितने वोट मिले, कौन से मतदाता भाजपा के करीबी नहीं हैं, यह भी संक्षिप्त जानकारी होगी। पार्टी नेताओं का दावा है कि ऐप में सभी मतदाताओं का विवरण दर्ज करने वाला मध्य प्रदेश पहला राज्य होगा।

बूथ पर जाएंगे मुख्यमंत्री-मंत्री, एमपी-एमएलए

बूथ विस्तारक योजना के तहत 20 से 30 जनवरी तक मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्र में 100 घंटे बूथ को देंगे। इस दौरान उनके बूथ की पूरी जानकारी 'संगठन एप' में दर्ज की जाएगी।

'संगठन एप' बनाने वाला पहला राज्य बना मध्य प्रदेश

भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक अमन शुक्ला ने कहा कि मध्य प्रदेश पहला राज्य है जहां 65 हजार बूथों को संगठन एप के माध्यम से डिजिटल बूथ में बदला जा रहा है। पार्टी इस वर्ष को संगठन वर्ष के रूप में मना रही है, इसलिए प्रौद्योगिकी की मदद से संगठन को और मजबूत किया जा रहा है।

Koo App
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने सागर संभाग की बूथ विस्तारक विधानसभा प्रशिक्षकों की कार्यशाला को संबोधित किया। संभाग प्रभारी श्री मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने विस्तारक योजना एवं कार्यक्रम की दृष्टि से आईटी संभाग प्रभारी श्री रवि मिश्रा ने ”संगठन” एप के बारे में जानकारी दी। - BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) 17 Jan 2022

Koo App
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने उज्जैन संभाग की बूथ विस्तारक विधानसभा प्रशिक्षकों की कार्यशाला को संबोधित किया। विस्तारक योजना की दृष्टि से आईटी संभाग प्रभारी श्री सोमेश पालीवाल ने ”संगठन” एप के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री चिंतामणि मालवीय व श्री आलोक शर्मा उपस्थित रहे। - BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) 17 Jan 2022

chat bot
आपका साथी