प्रेमी संग जा रही छात्रा से होमगार्ड जवान ने सात दोस्तों के साथ मिलकर किया दुष्कर्म

Misbehavior with girl. प्रेमी के साथ जा रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना झारखंड के चाईबासा की है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 12 Feb 2019 02:17 PM (IST) Updated:Tue, 12 Feb 2019 07:40 PM (IST)
प्रेमी संग जा रही छात्रा से होमगार्ड जवान ने सात दोस्तों के साथ मिलकर किया दुष्कर्म
प्रेमी संग जा रही छात्रा से होमगार्ड जवान ने सात दोस्तों के साथ मिलकर किया दुष्कर्म

चाईबासा, जागरण संवाददाता। झारखंड में पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से सटे टेकराहातु गांव के पास होमगार्ड के एक जवान ने अपने सात दोस्तों के साथ मिलकर पुरुष मित्र के साथ जा रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नियत से युवती की हत्या को कोशिश की। ठीक उसी समय पुलिस के मौके पर पहुंच जाने के कारण वो लोग युवती की हत्या नहीं कर पाए और मौके पर से भाग निकले। पुलिस ने गांव में छापेमारी कर दो आरोपितों को धर दबोचा। इनमें टेकराहातु गांव का सिपाही देवगम (25) और उदय देवगम (24) शामिल है। घटना को अंजाम देने वालों में होमगार्ड तुराम देवगम, माल्डू, बटवा, सरजोम, सतीश व डोबरो का नाम भी सामने आया है। पुलिस इनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। शक के आधार पर टेकराहातु गांव से ही करीब आधा दर्जन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर मुख्य आरोपितों को पकड़ने का प्रयास जारी है।

पुरुष मित्र के साथ जोड़ापोखर जा रही थी युवती
मुफ्फसिल थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि युवती जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह चाईबासा में किराये के मकान में रहकर टाटा कॉलेज में एमए में पढ़ाई कर रही है। रविवार की शाम को वो झींकपानी के जोड़ापोखर निवासी अपने पुरुष मित्र के साथ उसके घर जोड़ापोखर बाइक से जा रही थी। रास्ते में टेकराहातु के पास सुनसान जगह पर सात-आठ लड़के खड़े थे। जैसे ही वे दोनों वहां पहुंचे तो लड़कों ने पहले पुरुष मित्र के साथ मारपीट कर उसे वहां से भागा दिया। इसके बाद युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया।

इस बीच, गितिलपी चौक पहुंचकर युवक ने किसी तरह 100 नंबर डायल कर दिया, तुरंत पेट्रोलिंग पुलिस वहां पहुंची और युवती को सकुशल बरामद कर लिया, मगर पुलिस को देखकर अपराधी भागने में सफल हो गए। पुलिस पीड़िता को थाना लेकर आई। इसके बाद पीड़िता के बयान पर तुराम, माल्डू, बटवा, सरजोम, सतीश, डोबरो, सिपाही व उदय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही, छापेमारी कर सिपाही व उदय को धर दबोचा। बाकी अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। युवती ने बताया कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो वो लोग उसकी हत्या कर देते।

छापेमारी टीम में ये लोग थे शामिल
एसडीपीओ अमर कुमार पांडेय पुलिस निरीरक्षक अनिल एक्का थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह परि. पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार पांडेय, राम प्रवेश राय, महिला थाना प्रभारी प्रभा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक श्यामनाथ उरांव, सहायक अवर निरीक्षक कृष्ण मुर्मू व अन्य। होमगार्ड से बर्खास्त होगा आरोपित तुराम पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि सामूहिक दुष्कर्म कांड का प्राथमिक अभियुक्त तुराम देवगम होमगार्ड की नौकरी करता है। वो भी टेकराहातु गांव का रहने वाला है। उसी ने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर इस कांड को अंजाम दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि हम लोगों ने तुराम का इतिहास खंगाला है। इस मामले में उसकी संलिप्तता को देखते हुए होमगार्ड यूनिट के कमांडेंट को पत्र लिखकर तुराम को बर्खास्त करने की अनुशंसा की जा रही है।

पुलिस के डर से गांव छोड़ फरार हुए छह आरोपित
मुफस्सिल थाना अंतर्गत टेकराहातु गांव के पास गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन अन्य नामजद छह अरोपित तुराम, माल्डू, बटवा, सतीश, डोबरा व सरजोम गांव छोड़ कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने नेतृत्व में टीम लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गांव के कुछ अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस इस घटना के अरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। मंगलवार को आरोपितों के गांव टेकराहातु से कुछ महिलाएं मुफ्फसिल थाना पहुंचकर गिरफ्तार किए गए आरोपितों से मिलने पहुंची थीं। महिलाओं के मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों सिपाही देवगम व उदय देवगम को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहां से कोर्ट में पेश कर दोनों को चाईबासा मंडल कारा भेज दिया गया है।

अगस्त में भी चाईबासा-झींकपानी मुख्य सड़क पर हुआ था सामूहिक दुष्कर्म
अगस्त 2018 में सावन में जल चढ़ाने हाइक्यूम शिवालय गई चाईबासा की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हो चुकी। मामले में तत्कालीन सदर डीएसपी प्रकाश सोय ने तत्परता दिखाते हुए टीम के साथ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चाईबासा-झींकपानी मुख्य सड़क के तालाबुरु रेलवे फाटक के आगे हाइक्यूम शिवालय से जल चढ़ाकर कर दो बहनें व एक दोस्त पैदल ही लौट रहे थे। उसी दौरान तालाबुरु जंगल के पास तीन स्थानीय युवक-युवतियों को देख उनके साथ आ रहे युवक को मारपीट कर भगा आरोपित दोनों बहनों को जंगल की ओर दुष्कर्म करने के लिए ले गए थे। उसी दौरान एक बहन आरोपितों के चंगुल से छूटकर भाग गई थी और पुलिस को 100 नंबर डायल कर तत्काल जानकारी दी थी, जबकि दूसरी बहन को आरोपियों ने अपने हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर 24 घंटे के अंदर ही अरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

मेडिकल में युवती से सामहिक दुष्कर्म की पुष्टि, कोर्ट में बयान दर्ज
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार छात्रा का मंगलवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में मेडिकल कराया। सिविल सर्जन डॉ. मंजू दुबे की अध्यक्षता में गठित डॉक्टरों की टीम ने छात्रा की मेडिकल जांच की। बताया जा रहा है कि जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। मेडिकल कराने के बाद युवती को कोर्ट में पेश किया गया। यहां न्यायाधीश के समक्ष धारा 164 के तहत उसका बयान कलमबद्ध किया गया। युवती ने कोर्ट में भी आठों अभियुक्तों का नाम बताते हुए पूरी घटना के बारे में बताया। बयान दर्ज कराने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

युवती जगन्नाथ पुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, वह चाईबासा में किराये के मकान रहकर पढ़ाई कर रही है। झींकपानी के जोड़ापोखर के युवक से युवती का प्रेम-प्रसंग चला रहा था। रविवार शाम को युवक युवती को शादी की नियत से अपने घर जोड़ापोखर बाइक से ले जा रहा था, उसी समय रास्ते में टेकराहातु के पास सुनसान जगह पर छह-सात लड़के खड़े थे। जैसे ही वे दोनों वहां पहुंचे तो लड़कों ने पहले प्रेमी के साथ मारपीट कर उसे वहां से भागा दिया। इसके बाद युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया।

chat bot
आपका साथी