जान लेने के लिए पत्नी पर हमला, डाकुवा को भी मारकर किया जख्मी

एक हैवान पति ने अपनी पत्नी की कुदाल से हमला कर जान लेने का प्रयास किया। घटना में पत्नी घायल हो गई वहीं आरोपित ने बीच-बचाव में आए अपने जीजा व दीदी पर भी कुदाल से हमला कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Aug 2019 08:32 PM (IST) Updated:Tue, 13 Aug 2019 08:32 PM (IST)
जान लेने के लिए पत्नी पर हमला, डाकुवा को भी मारकर किया जख्मी
जान लेने के लिए पत्नी पर हमला, डाकुवा को भी मारकर किया जख्मी

संवाद सहयोगी, चाईबासा : एक हैवान पति ने अपनी पत्नी की कुदाल से हमला कर जान लेने का प्रयास किया। घटना में पत्नी घायल हो गई वहीं आरोपित ने बीच-बचाव में आए अपने जीजा व दीदी पर भी कुदाल से हमला कर दिया। घटनास्थल से भागने के कारण दोनों की जान बची। जब मामले की जानकारी गांव के मुंडा को दी गई तो मुंडा ने गांव में दरबार बुलाने का आदेश जारी किया। मंगलवार के दिन गांव में रखे गए दरबार में आरोपित शामिल नहीं हुआ। डाकुवा जब उसे बुलाने घर के अंदर गया तो आरोपित ने डाकुवा को भी डंडे से मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घटना टोंटो थाना क्षेत्र के बड़ा पुनसीया गांव में घटी है। आरोपित को टोंटो थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायल बड़ा पुनसीया गांव का डाकुवा गुरुचरण सिकू सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती है। वर्तमान में उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। डाकुवा खून की उल्टी कर रहा है। जीजा ने किसी तरह भागकर बचाई जान

आरोपित के जीजा सुखलाल सिकू के बताया कि सोमवार को मेरा साला मोरा तियु काफी नशे में था। हम लोग काम कर रहे थे। उस समय सुबह के नौ बज रहे थे। घर से मेरी पत्नी मीनी सिकू व मोरा तियु की पत्नी मीता तीयु नाश्ता लेकर आए थे। खेत के किनारे में ही हम लोग गांव के और कुछ लोगों के साथ नाश्ता कर रहे थे। उसी में अचानक से मोरा तियु उठ खड़ा हुआ व पत्नी मीता तियु को गाली देने लगा। सामने में कुदाल रखा हुआ था। कुदाल उठाकर मीता पर वार करने लगा। नशे में होने के कारण उसके हाथ से कुदाल छूट गया। जिस कारण से मीता को कुदाल का छोटा हिस्सा सिर पर लगा। इससे मीता घायल हो गई। मोरा पुन: कुदाल उठाकर पत्नी को मारने का प्रयास कर रहा था। उसे बचाने के लिए मैं और मेरी पत्नी मीनी सिकु आगे बढ़े। मोरा ने हमपर भी कुदाल चलाया पर हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। गांव के दरबार में हमलावर को बुलाने गए थे : डाकुवा

सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती टोंटो थाना क्षेत्र के पुनसीया गांव के डाकुवा गुरुचरण सिकु ने बताया की सोमवार के दिन मोरा तियु ने अपनी पत्नी मीता तियु को जान से मारने के नीयत से कुदाल चलाया था। मोरा तियू अपनी पत्नी के साथ हमेशा मारपीट करता है। हर एक सप्ताह मानो मीता के लिए पति की मार खाना आदत बन चुका हो। ऐसी हरकत व सोमवार की घटना को लेकर मंगलवार के दिन बड़ा पुनसीया गांव के मुंडा कुशनु सिकु व ग्रामीणों ने मोरा को दरबार में बुलवाया। पर मोरा दरबार में शामिल नहीं हुआ। वह घर में छुपा बैठा था। मुंडा के आदेश पर मैं व गांव के 5 लोग उसे बुलाने गए। पर वह बाहर नहीं निकला। मैंने अंदर जाकर बुलाने का प्रयास किया। इसी में उसने घर में रखे मोटे डंडे से मुझे मारा। उसने दो तीन बार मुझपर वार किया। मैं वही बुरी तरह से जख्मी होकर गिर गया। गांव वालों ने यह सब देखकर मोरा को खूब मारा। मार-मारकर उसे मुंडा के पास ले गए। वहां उसे बांध कर रखा गया। मुंडा ने घटना की सूचना टोंटो थाना को दी। उसके बाद उसे थाना से पुलिस ने आकर गिरफ्तार कर लिया है। इधर घायल अवस्था में पड़े डाकुवा को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया। वर्तमान में भी डाकुवा ही हालत गंभीर बनी हुई है। वह खून का उल्टी कर रहा है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी