Kalpana Soren: क्‍या हेमंत की पत्नी कल्‍पना बनने जा रही हैं झारखंड की अगली CM? चंपई सोरेन ने क्लियर कर दिया सबकुछ

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने मंगलवार को सरायकेला स्थित होटल गार्डेन इन परिसर में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने पत्रकारों के कई सवालों के जवाब दिए। उन्‍होंने कल्‍पना सोरेन को झारखंड की अगली मुख्‍यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर भी जवाब दिया। इसी के साथ उन्‍होंने न केवल भाजपा पर निशाना साधा बल्कि झामुमो की उपलब्धियां भी गिनाई।

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen Publish:Tue, 16 Apr 2024 03:27 PM (IST) Updated:Tue, 16 Apr 2024 04:16 PM (IST)
Kalpana Soren: क्‍या हेमंत की पत्नी कल्‍पना बनने जा रही हैं झारखंड की अगली CM? चंपई सोरेन ने क्लियर कर दिया सबकुछ
हेमंत सोरेन और कल्‍पना सोरेन की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, सरायकेला। गांडेय उप चुनाव में अगर कल्पना सोरेन जीत दर्ज करती है ते क्या उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा? इस सवाल पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उनके लिए पार्टी सर्वपरि है। पार्टी का जो फैसला होगा उन्हें मंजूर होगा। फिलहाल इस विषय पर वह और कुछ नहीं बोलना चाहते।

जमशेदपुर सीट पर जल्‍द लिया जाएगा फैसला: चंपई

सिंहभूम संसदीय सीट पर लोकसभा प्रत्याशी जोबा माझी को बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिंहभूम सीट पर प्रत्याशी नहीं बदला जाएगा जोबा माझी ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

वहीं जमशेदपुर संसदीय सीट पर एक दो दिन में निर्णय लिया जाएगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सरायकेला स्थित होटल गार्डेन इन परिसर में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर कही।

चंपई ने गिनाई झामुमो की उपलब्धियां

उन्होंने बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हमारा बूथ मजबूत होगा तो हमें कोई हरा नहीं सकता। उन्होने कहा कि 11 लाख राशन कार्ड भाजपा सरकार ने रद्द कर दिया, लेकिन झारखंड सरकार ने 20 लाख राशन कार्ड झारखंड की जनता को बना कर दिया।

1932 का खतियान लाने का काम करेंगे। चाहे इसके लिए संघर्ष ही क्यों न करना पड़ा। डबल इंजन की सरकार ने पांच हजार से ज्यादा विद्यालय बंद कर दिए। लेकिन झारखंड सरकार ने आदिवासी, मूलवासी, दलित के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई कराना शुरू किया वह भी निश्शुल्क। आदिवासी दलित के बच्चे विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं।

भाजपा करती है झूठ की राजनीति: चंपई

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ झूठ की राजनीति करती है। केवल झूठ बोल कर देशवासियों को गुमराह कर रही है। सवा चार सौ रुपये में मिलने वाले गैस सिलेंडर की कीमत दोगुनी से भी ज्यादा हो गई। अबकी बार 400 पार का नारा सिर्फ जुमला है, 150 पार भी नहीं कर रही भाजपा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा ने 2014 में हर गरीब जनता के खाते में 15-15 लाख रूपये उनके खाते में भेजने की बात कही थी। हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। 2022 तक हर गरीब परिवार को पीएम आवास देने का वादा किया था। लेकिन इनमें से कोई वादा पूरा नहीं किया।

भाजपा की गारंटी समझ से परे: सीएम

विदेश से काला धन लाने की बात कही थी, काला धन तो क्या, लाल-सफेद धन तक नहीं ला पाई। इस बार फिर गारंटी का जुमला फेंका है। आखिर भाजपा की कौन सी गारंटी है। कोई समझ नहीं पा रहा। भाजपा महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे से भाग रही है।

भाजपा विधानसभा चुनाव में भी 65 पार का नारा लगाती थी। लेकिन 24-25 पर ही अटक गई। केन्द्र सरकार ने जब पीएम आवास नहीं दिया तो झारखंड सरकार ने अपने दम पर गरीब परिवार को तीन कमरों वाला अबुआ आवास देना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला 18 वर्ष में विधवा होती है तो 18 वर्ष से ही उन्हें पेशन देना सरकार शुरू कर देती है। हर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र खोल रहे हैं। जहां गरीबों को मुफ्त दवा मिलेगा।

चंपई की जनता से खास अपील

उन्होंने कहा कि कोल्हान में जिस तरह विधानसभा में भाजपा का खाता नहीं खुला। इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का खाता नहीं खुलने दें। भाजपा को झारखंड में एक इंच जगह में भी खड़ा नहीं होने देंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्या ने कहा कि भारत में हिटलर शासन चल रहा है। भाजपा वाले किसी को भी जेल भेजने का काम कर रही है। जख्मी झारखंड को लोकसभा चुनाव में अपना मत देकर दवा देने काम करें ताकि फिर एक स्वस्थ झारखंड मिल सके।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि झारखंड के जंगल व जमीन को बचाने का समय आ गया है। सभी अपने अपने बूथ में जम जाए, और झारखंड सरकार के कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराए। कार्यक्रम को झामुमो जिलाध्यक्ष डा. शुभेन्दू महतो ने भी संबोधित किया।

सैकड़ों की संख्या में जुटे थे कार्यकर्ता

बूथ स्तरीय कार्यक्रम में गोविंदपुर पंचायत, बड़ा खाखड़ा, पठानमारा, मुड़कम पंचायत, नगर कमेटी सहित अन्य पंचायतों से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के पूछने पर कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मुख्यमंत्री को फूलों का हार पहनाकर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्या, झामुमो जिलाध्यक्ष शुभेन्दू महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, छायाकान्त गोराई, मुख्यमंत्री के बेटे वकिल सोरेन, बबलू सोरन सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें: 

चुनाव प्रचार में आदिवासी सीटों पर जोर लगाने के लिए तैयार कांग्रेस, अन्य राज्यों से भी आएंगे वरीय नेता

झारखंड में नकदी व शराब जब्ती का आंकड़ा 50 करोड़ के पार, धनबल के उपयोग पर चुनाव आयोग ने कसा शिकंजा

chat bot
आपका साथी